विधायक ठाकुर ने दुपट्टा ओढ़ाकर किया सम्मान; बोलीं- युवा मोर्चा धर्म-संस्कृति और पार्टी की रीति-नीति से जुड़कर करे काम

इंदौर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम टेलर का विधायक उषा ठाकुर के संगम नगर स्थित निवास पर प्रथम आगमन हुआ। इस अवसर पर विधायक सुश्री उषा ठाकुर ने उनका आत्मीय स्वागत किया।सुश्री ठाकुर ने श्री टेलर को दुपट्टा ओढ़ाकर, श्री रामायण ग्रंथ भेंट कर, तिलक लगाकर और आरती उतारकर सम्मानित किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक और समसामयिक मुद्दों पर चर्चा हुई। विधायक ठाकुर ने चैतन्य धाम आश्रम, श्री मुरारी लाल तिवारी गोशाला सहित विभिन्न सेवा प्रकल्पों की जानकारी भी दी।
युवा मोर्चा से आग्रह
इस अवसर पर सुश्री ठाकुर ने प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर से आग्रह किया कि युवा मोर्चा रचनात्मक और संगठनात्मक कार्यों से जुड़े। अपनी धर्म-संस्कृति से जुड़कर और पार्टी की रीति-नीति का अनुसरण कर काम करे। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।श्री टेलर ने विधायक के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए संगठन को और मजबूत करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा और भाजयुमो के कार्यकर्ता मौजूद थे।
