इन्दौर। सांवेर रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक पशु आहार कारखाने के गोदाम में आज सुबह अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख कारखाने में मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची फायर ब्रिगेड की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए करीब ढाई हजार लीटर पानी की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पाया। समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
फायर ब्रिगेड को आज सुबह करीब 6 बजे सांवेर रोड के सी-सेक्टर में स्थित जय किसान पशु आहार कारखाने में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों को तत्काल वाहनों के साथ मौके के लिए रवाना किया गया। आग कारखाने के गोदाम हिस्से में लगी थी, जहाँ पशु आहार का स्टॉक रखा हुआ था।गोदाम में आग फैलती देख वहाँ काम कर रहे कर्मचारियों ने भी सूझबूझ दिखाई और दमकल टीम के पहुँचने से पहले अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। इसके बाद फायर फाइटर्स ने मोर्चा संभालते हुए करीब ढाई हजार लीटर पानी का उपयोग कर आग को आगे फैलने से रोका और शांत किया। इस अग्निकांड में गोदाम की बोरियों में रखा काफी मात्रा में पशु आहार जलकर खाक हो गया। आग लगने के सटीक कारणों और कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
