
इंदौर शहर में मास्टर प्लान के अंतर्गत प्रस्तावित सड़कों के निर्माण को गति देने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मधुमिलन चौराहे से छावनी तथा लक्ष्मीबाई प्रतिमा से जिंसी के बाद गुटकेशवर मंदिर से सदर बाजार तक प्रस्तावित मास्टर प्लान सड़क के मार्ग में बाधक अतिक्रमणों को हटाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।सोमवार को नगर निगम के अमले द्वारा लगभग 10 जेसीबी एवं 6 पोकलेन मशीनों की सहायता से गुटकेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र से सदर बाजार तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सड़क निर्माण में बाधा बन रहे अवैध एवं अतिक्रमित निर्माणों को चिन्हित कर हटाया गया। नगर निगम प्रशासन के अनुसार मंगलवार को भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिंसी चौराहे से नेमिनाथ चौराहे तक अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाएगा,
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि शहर के दीर्घकालिक विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मास्टर प्लान की सड़कों का निर्माण अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में बाधक सभी अतिक्रमणों को हटाने के बाद शीघ्र ही सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। महापौर ने कहा, “मास्टर प्लान की यह सड़क केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि इंदौर के भविष्य की आधारशिला है। इसके पूर्ण होने से शहर में यातायात का दबाव कम होगा, आवागमन अधिक सुगम बनेगा तथा नागरिकों को बेहतर शहरी अधोसंरचना का लाभ मिलेगा। यह सड़क इंदौर को नई गति और नई दिशा प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण परियोजना सिद्ध होगी।” नगर निगम का लक्ष्य है कि निर्धारित समयसीमा में अतिक्रमण हटाने और सड़क निर्माण की प्रक्रिया पूर्ण कर शहर को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित यातायात नेटवर्क उपलब्ध कराया जाए।
