
इंदौर। भारतीय जनता पार्टी जिला इंदौर ग्रामीण द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में डॉ. अंबेडकर नगर (महू) स्थित उत्तम गार्डन में भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मध्य प्रदेश राज्य खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष डॉ. के.पी. यादव एवं पूर्व सांसद कृष्णमुरारी मोघे रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन कर किया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्वतंत्र भारत में राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले महान राष्ट्रनायक थे।
मुख्य वक्ता डॉ. के.पी. यादव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि विचार और संगठन की शक्ति से चलने वाली पार्टी है। सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना ही भाजपा की पहचान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे डॉ. मुखर्जी के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण के कार्य में पूरी निष्ठा से जुटें।
पूर्व सांसद कृष्णमुरारी मोघे ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए भाजपा कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सतत कार्य कर रहे हैं।
विधायक उषा ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्र की अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन देशभक्ति, साहस और त्याग का अनुपम उदाहरण है, जिससे प्रत्येक कार्यकर्ता को प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र की सेवा करनी चाहिए।
इस अवसर पर सांसद शंकर लालवानी, पूर्व विधायक जीतू जिराती, अंतरसिंह दरबार, भगवान परमार, देवराज सिंह परिहार, राधेश्याम यादव, ओम परसावदिया, डॉ. रीता उपमन्यु, कंचन सिंह चौहान, सतीश मालवीय, जय कोहली, सुभाष महोदय, मोहन सिंह कछावा, रामस्वरूप गेहलोत, अंतर दयाल, मुकेश जरिया, महेश यादव, विनोद जाट, संतोष पाटीदार, पवन सिंह पटेल, भरत आंजना, सुनील गेहलोत, पीयूष अग्रवाल, संजय मीणा, मुकेश पाटीदार, मनोज ठाकुर, किरण सूर्यवंशी, मुकेश पटेल, विनोद चंदानी चंकी शर्मा सुभाष पाटीदार सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री पुंजालाल निनामा ने किया तथा आभार रूपेश वाघमोड़े ने व्यक्त किया।
