इंदौर
द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के गुरुशंकर नगर में जमीन सौदे के बाद भी एक खरीदार को उसके भूखंड पर कब्जा न देने और निर्माण कार्य रोकने का मामला सामने आया है। दलाल के माध्यम से 9 लाख रुपये से अधिक का पूरा भुगतान करने के बावजूद जब फरियादी अपने भाई के साथ मकान बनाने पहुँचा, तो आरोपियों ने गालीगलौज कर उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। द्वारकापुरी थाना पुलिस के अनुसार, इस धोखाधड़ी और धमकी की वारदात को लेकर फरियादी राजेंद्र पिता गुलाबचंद चौहान, निवासी वेंकटेश विहार, छोटा बांगड़दा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। राजेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसने ग्राम सिरपुर के गुरुशंकर नगर सेक्टर-एफ में एक प्लॉट खरीदा था। यह सौदा प्लॉट दलाल प्रेम नारायण प्रजापति की मध्यस्थता से तय हुआ था। जमीन की कुल कीमत 9 लाख 10 हजार रुपये तय की गई थी, जिसका पूरा भुगतान राजेंद्र द्वारा किया जा चुका है और इस लेनदेन की उसके पास पुख्ता वीडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है।फरियादी का आरोप है कि गत 23 मार्च को जब वह और उसका भाई अपने खरीदे हुए प्लॉट पर मकान का निर्माण कार्य शुरू कराने पहुँचे, तो वहाँ गुरुशंकर नगर के ही रहने वाले आरोपी मनोज तिवारी और ऋतु तिवारी आ धमके। दोनों ने काम कर रहे लोगों को डराकर काम रुकवा दिया। जब राजेंद्र और उसके भाई ने इसका विरोध किया, तो दोनों आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और दोबारा जमीन पर कदम रखने पर जान से मारने की सीधी धमकी दी। द्वारकापुरी पुलिस ने राजेंद्र की रिपोर्ट पर आरोपी मनोज तिवारी और ऋतु तिवारी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
