
इंदौर अग्रवाल संगठन पीपल्याहाना के 300 सदस्यों ने सपरिवार श्रावण मास के उपलक्ष्य में जानापाव कुटी एवं मानपुर स्थित एक रिसोर्ट की पारिवारिक और मनोरंजन से भरपूर यात्रा का आनंद लिया। इस दौरान समाज बंधुओं ने जानापाव में भगवान भोले भंडारी की बरात और रिसोर्ट में पूल पार्टी के साथ सावन के झूलों सहित अनेक पारिवारिक मनोरंजक गेम्स में भी भाग लिया।
संगठन के अध्यक्ष कृष्णा गुप्ता एवं सचिव आलोक बंसल ने बताया कि यात्रा में संयोजक पीयूष गर्ग, मनीष खजांची एवं अमित अग्रवाल ने श्रावण मास की परम्परा का निर्वाह करते हुए जानापाव में भगवान भोले भंडारी की महाबरात का आयोजन भी ढोल-नगाड़ों, भक्ति-संगीत एवं भगवान शिव के गणों तथा शिव-पार्वती, भूत, प्रेत, चुड़ैल एवं गौरी-शंकर के रूप में सजे महिला-पुरुषों एवं कलाकारों के साथ किया। इस अवसर पर महिला उपाध्यक्ष श्रीमती मेघा आनंद अग्रवाल, रवि बंसल, अर्पित बंसल, अमित ब्रजमोहन अग्रवाल, अनिमेष अग्रवाल सहित सभी कार्यकारिणी सदस्यों ने यात्रा की व्यवस्थाओं को संजीदगी से निभाया। सदस्यों ने शिवबरात में नाचते-गाते हुए भगवान शिव से समाज एवं शहर में सुख, शांति एवं सदभाव की प्रार्थना भी की और मानपुर स्थित रिसोर्ट में पूल पार्टी, झूलों तथा अन्य मनोरंजक गेम्स सहित अनेक गतिविधियों में भाग लिया। सभी सदस्यों के लिए यह बहुत यादगार अवसर साबित हुआ।
