
इंदौर एयरपोर्ट रोड, पीलियाखाल स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर श्रावण मास के उपलक्ष्य में परंपरागत झूला महोत्सव का शुभारंभ हंस पीठाधीश्वर श्रीमहंत स्वामी रामचरणदास महाराज एवं महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के सानिध्य में शनिवार को हुआ। इस अवसर पर हंसदास संस्कृत विद्यापीठ के वैदपाठी विद्वानों द्वारा गोपाल सहस्त्रनाम के पाठ से पूजा-अर्चना के बीच लड्डू गोपाल को झूले में विराजित किया गया।
मठ के पं. अमित दास ने बताया कि यह महोत्सव श्रावण मास की पूर्णिमा रक्षाबंधन तक चलेगा। इस दौरान लड्डू गोपाल को बाल स्वरूप में वेद की मंगल ध्वनि के बीच नियमित झूला झुलाया जाएगा। आम श्रद्धालु भी यहां आकर झूला महोत्सव में भाग ले सकेंगे। पहले दिन ही सैकड़ों भक्तों ने मठ पर आकर झूला महोत्सव का पुण्य लाभ उठाया। श्रावण मास के तीसरे सोमवार 17 अगस्त को सायं 6 बजे से हंसेश्वर महादेव का नाग चंद्रेश्वर के स्वरुप में मनोहारी श्रृंगार किया जाएगा। मठ पर विद्वान आचार्यों द्वारा महामृत्युंजय महामंत्र जाप, अभिषेक, पूजन के अनुष्ठान भी श्रावण के पहले दिन से किए जा रहे हैं। मठ स्थित सभी देवालयों का नियमित आकर्षक श्रृंगार भी किया जा रहा है ।
