इंदौर बाणगंगा थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने आनलाइन धोखाधड़ी की तीन अलग-अलग वारदातों को अंजाम देते हुए तीन लोगों को कुल ५ लाख ८७ हजार रुपये से अधिक का चूना लगा दिया। शातिर ठगों ने किसी का बिजली बिल काटने का डर दिखाकर, तो किसी का मोबाइल फोन हैक कर बैंक खातों से लाखों रुपये पार कर दिए। पुलिस ने तीनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। न्यू जगन्नाथ नगर निवासी भजनलाल पिता प्रेमनारायण विश्वकर्मा को अज्ञात नंबर ८२७४८१७४६४ से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि बिल पेंडिंग है और डिटेल्स अपडेट न करने पर रात में बिजली काटने की धमकी दी। आरोपी ने व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजी, जिसे खोलते ही फरियादी का मोबाइल हैक होकर हैंग हो गया। इसके बाद ठग ने उनके एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा और एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड से ११ ट्रांजेक्शन कर कुल २,०६,००० रुपये डेबिट कर लिए। दूसरी वारदात बैजनाथ धाम कॉलोनी रेवती निवासी रविंद्र सिंह पिता जीत सिंह यादव के साथ हुई। फरियादी ने जब अपना मोबाइल चेक किया तो पता चला कि उनके एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड और एसबीआई खाते से फ्लिपकार्ट के माध्यम से २ अलगअलग ट्रांजेक्शन में १,२५,००० रुपये का मोबाइल खरीद लिया गया है। जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका फोन हैक कर इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया है। वहीं ठगी की तीसरी वारदात जगन्नाथ नगर निवासी उमेश पंवार के साथ सामने आई है। फरियादी ने जब अपने बैंक खाते का स्टेटमेंट चेक किया, तो उनके होश उड़ गए। उनके खाते से ६ अलग-अलग आॅनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए कुल २,५६,६५८ रुपये डेबिट हो चुके थे।
