इंदौर बाणगंगा थाना क्षेत्र में सांवेर रोड स्थित एक कंपनी में काम करने वाले युवक पर पुराने पैसों के विवाद को लेकर लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए फरियादी के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुख्य आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फरियादी शायर पिता अनिश मंसूरी निवासी खारचा ने बाणगंगा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि वह सांवेर रोड स्थित एक कंपनी में काम कर रहा था। उसी दौरान आरोपी दीपक निवासी मुखर्जी नगर अपने अन्य दोस्तों के साथ कंपनी के अंदर पहुंचा। आरोपी दीपक ने वहां आते ही शायर से कहा कि तुमने सब लोगों से पैसे के बारे में क्यों बोला और इसी बात पर अकारण विवाद खड़ा कर दिया। बात बढ़ने पर आरोपी दीपक और उसके साथी गालियां देने लगे। जब पीड़ित शायर ने गाली देने से मना किया, तो आरोपी दीपक ने अपने हाथ में ली लोहे की रॉड से फरियादी के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। वार इतना तेज था कि पीड़ित के सिर से खून बहने लगा। इसके साथ ही दीपक के साथियों ने भी फरियादी के साथ लात-घूंसे से मारपीट की। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले।
