इंदौर शहर में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जूनी इंदौर थाना पुलिस को एक सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान माणिकबाग पुल के नीचे से एक युवक को घेराबंदी कर पकड़ा और उसके कब्जे से ३५.८५ ग्राम अवैध हाइब्रिड गांजा (ओजी) जब्त किया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ५० हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, जूनी इंदौर पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक माणिकबाग पुल के नीचे संदिग्ध हालत में अवैध मादक पदार्थ की डिलीवरी देने या बिक्री करने की नीयत से खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम देवांश उर्फ कीर्तन सुगवानी निवासी खातीवाला टैंक बताया। पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास से उच्च गुणवत्ता वाला अवैध मादक पदार्थ ओजी (हाइब्रिड गांजा) बरामद हुआ, जिसका वजन ३५.८५ ग्राम निकला। जूनी इंदौर थाना पुलिस ने आरोपी देवांश उर्फ कीर्तन के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि वह यह नशा कहां से लाया था और शहर में किसे सप्लाई करने जा रहा था।
