
1500 वाहनों के साथ निकली यात्रा में उमड़ा कुशवाह समाज, विधायक शुक्ला ने समाजजनों के साथ की आरती
15 नवंबर को युवक-युवती परिचय सम्मेलन
इंदौर। अपने आराध्य देव भगवान लव-कुश जयंती के अवसर पर कुशवाहा महासभा, इंदौर द्वारा शहर में भव्य जन्मोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में समाजबंधुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। महासभा अध्यक्ष राकेश कुशवाहा के नेतृत्व में वाहन यात्रा काछी मोहल्ला स्थित चैतन्य आश्रम चैतन्य श्री राम आरधना केन्द्र राम मन्दिर से शुरू हुई, जो लव-कुश चौराहे पहुंची। यात्रा में करीब 1500 वाहन शामिल रहे, जबकि लगभग 2500 समाजबंधु, युवा, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए।
लव-कुश चौराहे पर पहुंचने के बाद विधायक गोलू शुक्ला ने वरिष्ठ समाजसेवी अयोध्या प्रसाद कुशवाहा सहित सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और समाजबंधुओं के साथ भगवान लव-कुश की आरती की। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। यात्रा के दौरान समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई दी।
15 नवंबर को जुटेगा देशभर का कुशवाह समाज
कुशवाहा महासभा की ओर से 15 नवंबर 2026 को शुभकारज गार्डन, राजीव गांधी चौराहा, इंदौर में अखिल भारतीय कुशवाह युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सुबह 11 से शाम 5 बजे तक होने वाले सम्मेलन में विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए परिचय और उपयुक्त रिश्तों की तलाश का मंच उपलब्ध कराया जाएगा। महासभा ने समाजबंधुओं से बड़ी संख्या में सहभागिता की अपील की है।
