
पंचकुइया स्थित युगपुरुष धाम पर अतिथियों की मौजूदगी में 31 बच्चों के पालकों का अभिनन्दन
इंदौर पंचकुइया स्थित युगपुरुष धाम समिति द्वारा शनिवार को आयोजित एक समारोह में दिव्यांग बच्चों के ऐसे अभिभावकों का सम्मान किया गया, जो पिछले कई वर्षों से अपने दिव्यांग बच्चों के साथ ही माता-पिता और सास-ससुर की सेवा भी पूरे समर्पण भाव से कर रहे हैं। इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य यही था कि कोई भी वृद्ध परिजन सेवा और देखभाल के अभाव में किसी वृद्धाश्रम तक नहीं पहुँच सके।
इस अवसर पर अतिथि के रूप में श्रीमती ज्योति-प्रतीक श्रीवास्तव, श्रीमती रूपकुमारी-मनोहरलाल अजमेरा, श्रीमती ललिता-अशोक मालू एवं श्रीमती सुषमा-प्रकाशचंद्र त्रिवेदी उपस्थित थे जिन्होंने श्रीमती सोनम शादीजा के सेवा कार्यों को देखकर ऐसे करीब 31 परिजनों को सम्मानित किया, जो पिछले कई वर्षों से युगपुरुष स्वामी परमानन्द महाराज की प्रेरणा से अपने दिव्यांग बच्चों के साथ ही घर के अन्य बुजुर्गों सहित परिवार के सभी सदस्यों की सेवा में पूरे समर्पण भाव से जुटे हुए हैं। प्रारम्भ में युगपुरुष धाम समिति के प्रमुख तुलसी शादीजा, अध्यक्ष श्रीमती जाह्नवी-पवन ठाकुर, प्राचार्य डॉ. अनिता शर्मा, डॉ. अनुजा त्रिपाठी एवं अंकुर रिहेब सेंटर के डॉ. अंकुर अग्रवाल ने इन सभी अतिथियों एवं सम्मानित होने वाले अभिभावकों का स्वागत किया। इस अवसर पर दिव्यांग बच्चों, चिराग, सोनू, चंचल, आदित्य, अमन, दिव्या यादव, ऋषभ जैन, आदित्य जैन, शशांक जैन, बिंदु दावानी, विशेष शुक्ला, प्रियंका, सुनील, वेदांत, अभिजीत, पलक, विश्वास तिवारी, अर्पित एवं पीयूष शर्मा के माता-पिता को भी आमंत्रित कर उनका सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य डॉ. अनिता शर्मा ने किया और आभार माना अध्यक्ष जाह्नवी-पवन ठाकुर ने।
सभी अतिथियों ने श्रीमती सोनम शादीजा का विशेष उल्लेख किया जो गत 27 वर्षों से इस सेवा कार्य में जुटी हुई हैं। कार्यक्रम में हॉस्पिटल की चर्मरोग विशेषज्ञ डॉ. पुनीता शादीजा का भी सम्मान किया गया जिन्होंने पुडुचेरी मेडिकल कॉलेज से स्वर्ण पदक प्राप्त कर डर्मेटोलॉजी में उपाधि प्राप्त की है और परमानन्द हॉस्पिटल में अपनी सेवाएँ दे रही है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दिव्यांग बच्चों के परिजन और स्नेहीजन भी उपस्थित थे।
