इंदौर राऊ थाना क्षेत्र स्थित बायपास रोड पर देर रात दबंगई और मारपीट का मामला सामने आया है। बायपास स्थित काफी कॉन्सेप्ट कैफे पर कार से आए चार युवकों ने आॅर्डर देने के बाद जब बिल चुकाने की बात आई, तो विवाद शुरू कर दिया। बिल माँगने से नाराज कार सवार युवकों ने गाली-गलौज करते हुए फरियादी के साथ हाथ-थप्पड़ों से जमकर मारपीट कर दी। पीड़ित की शिकायत पर राऊ थाना पुलिस ने गाड़ी नंबर के आधार पर कार चालक और उसके तीन साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, फरियादी अर्पित पिता प्रवीण श्रीवास्तव निवासी काफी कॉन्सेप्ट, बायपास रोड, राऊ ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। फरियादी ने पुलिस को बताया कि वे बायपास रोड स्थित काफी कॉन्सेप्ट पर मौजूद थे, तभी एक टाटा टियागो कार क्रमांक- एमपी ०९ एवाय ६९३७ में सवार होकर चार युवक वहाँ पहुँचे और खाने-पीने की चीजों का आॅर्डर दिया। आॅर्डर तैयार होने के बाद जब फरियादी अर्पित कार के पास पहुँचे और बिल का भुगतान करने को कहा, तो कार में बैठे चारों युवक भड़क गए। आरोपियों ने बिल देने की बात को लेकर फरियादी को गालियां देना शुरू कर दिया। जब फरियादी अर्पित ने उन्हें गाली देने से मना किया और विरोध जताया, तो चारों युवक कार से बाहर निकल आए और तैश में आकर फरियादी को घेर लिया। देखते ही देखते आरोपियों ने फरियादी के साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस मारपीट से कैफे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद पीड़ित अर्पित राऊ थाने पहुँचे और पुलिस को कार के पंजीयन नंबर सहित पूरी आपबीती सुनाई।
