इंदौर
इंदौर कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक आवेदक से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को गंभीरता से समझा तथा संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में पात्र नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं प्रावधानों के अनुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण करते हुए नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। श्री वर्मा कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनसुनवाई में श्रीमती राधा सेन ने पहुंचकर कलेक्टर शिवम वर्मा को पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उनका भतीजा गौतम सेन सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे, जिससे उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया था। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उपचार का खर्च उठाना मुश्किल हो रहा था। इस संबंध में उन्होंने गत जनसुनवाई में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के समक्ष अपनी समस्या रखी थी। कलेक्टर श्री वर्मा ने संवेदनशीलता के साथ प्रकरण का त्वरित निराकरण करते हुए गौतम के उपचार के लिए पूरी मदद उपलब्ध कराई। सहायता मिलने से गौतम का उपचार संभव हो सका। इसके लिए श्रीमती सेन ने आज जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर श्री शिवम वर्मा का आभार व्यक्त किया। कलेक्टर श्री वर्मा ने उन्हें आश्वस्त किया कि भविष्य में भी किसी प्रकार की परेशानी होने पर शासन-प्रशासन हरसंभव सहयोग के लिए उनके साथ रहेगा।
जनसुनवाई में श्रीमती रोशनी अहिरवाल ने अपने दो बच्चों की शिक्षा से जुड़ी समस्या कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व पति से तलाक के बाद वे अकेले ही दोनों बच्चों की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने में उन्हें कठिनाई हो रही थी। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने उनकी समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना तथा तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वर्मा ने दोनों बच्चों की नि:शुल्क शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही श्रीमती अहिरवाल को 12 हजार रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
एक अन्य प्रकरण में श्रीमती शालू राठौर ने जनसुनवाई में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के समक्ष अपनी समस्या रखी। उन्होंने बताया कि पति के निधन के बाद परिवार में आय का कोई अन्य साधन नहीं है, जिसके कारण उन्हें जीवन-यापन में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने उनकी समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुना और तत्काल राहत प्रदान करते हुए 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने श्रीमती राठौर को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी आवश्यकता होने पर शासन-प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा। कलेक्टर के निर्देशों से मिली त्वरित सहायता के लिए श्रीमती शालू राठौर ने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में अधिकारियों ने आमजन से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 300 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देशन में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में कई आवेदन प्राप्त हुए जिसमें मुख्य रूप में प्लॉट, संपत्ति, पारिवारिक विवाद, चिकित्सा सहायता और रोजगार से जुड़े प्रकरण रहे। जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रिंकेश वैश्य सहित सभी विभागीय अधिकारियों ने जनसुनवाई में भाग लेकर नागरिकों की समस्याओं को सहानुभूति के साथ सुना और उनका निराकरण किया।
