
शहर के 45 प्रमुख अग्रवाल महिला संगठनों की बहनें होंगी शामिल – 200 परिवार करेंगे मार्ग में स्वागत
इंदौर श्री अग्रोहा कपल ग्रुप एवं जय दादी दरबार की मेजबानी में गुरुवार, 10 सितम्बर को भादौ अमावस्या पर सुबह 7 बजे से स्नेह नगर स्थित हनुमान मंदिर, वृंदावन गार्डन से अग्रवाल नगर स्थित राणी सती दादी के मंदिर तक निकलने वाली भव्य प्रभातफेरी का पहला न्योता श्रीमती आशा विजयवर्गीय के सानिध्य में राणीसती दादी के मंदिर में समर्पित किया गया।
प्रमुख संयोजक श्रीमती संगीता-अरविन्द बागड़ी ने बताया कि इस अवसर पर निर्मला जिंदल, किरण तायल, जूली सिंघल, उषा बंसल, पुष्पा गुप्ता, ममता गर्ग, तृप्ति गोयल, उमा बंसल, रमा गर्ग, चंचल अग्रवाल, पिंकी अग्रवाल, सूरज देवी बंसल, अनामिका अग्रवाल, शशि ऐरन, शोभा गर्ग एवं प्रेम सुरेखा सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने आरती के साथ दादी से प्रभात फेरी में शामिल होने की प्रार्थना की। यह प्रभातफेरी बैंड-बाजों और भक्ति-संगीत की मनोहारी सुर-लहरियों के बीच स्नेह नगर के हनुमान मंदिर से मनीष बाग होते हुए अग्रवाल नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से अग्रवाल नगर स्थित दादी के मंदिर पहुंचेगी जिसमें पूरे शहर की महिलाएं राजस्थानी चुनरी और पुरुष श्वेत वस्त्र पहनकर शामिल होंगे। नाचते-गाते श्रद्धालुओं का जगह-जगह स्वागत होगा। घर-घर से थालियाँ सजाकर दादी की पालकी की पूजा की जाएगी। राजस्थान और मारवाड़ की तर्ज पर प्रभातफेरी की घर-घर लाल चुनरी में अगवानी होगी। पिछले 13 वर्षों से चली आ रही प्रभातफेरी की इस परंपरा में प्रभातफेरी में दादी राणीसती को एक सुश्रृंगारित रथ पर विराजित किया जाएगा।
