अनंत चतुदर्शी चल समारोह-2026
इंदौर
इंदौर में 25 सितम्बर को अनंत चतुदर्शी का चल समारोह परंपरागत रूप से आयोजित होगा। समारोह में नयनाभिराम झांकियां निकलेगी, वहीं शस्त्र कलाओं का प्रदर्शन करते हुए अखाडे भी निकलेंगे। जिला प्रशासन द्वारा सर्वश्रेष्ठ झांकियों और अखाड़ों का चयन कर उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। जिला प्रशासन के निर्णायक मंच के समक्ष प्रदर्शन के लिए इस बार दो शस्त्र कला विधाओं का चयन किया गया है।
इस मंच के समक्ष अखाड़ों के कलाकार “गतका फरी” और “दो हाथ की बनेठी” कला का प्रदर्शन कर सकते हैं। शस्त्र कला का निर्धारण आज संभागीय जनसंपर्क कार्यालय इंदौर में संपन्न हुई जिला प्रशासन अखाड़ा निर्णायक समिति की बैठक में किया गया। समिति द्वारा निर्णय लिया गया है कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर शस्त्र कला के उक्त दोनों वर्गों में महिला अखाड़ों को विशेष पुरस्कार दिया जाएगा। प्रत्येक खेल के लिये तीन-तीन मिनट का समय प्रत्येक अखाड़े को दिया जाएगा। अखाड़ों को समय और अनुशासन का पालन करना होगा। अखाड़ों को जिला प्रशासन द्वारा तय किये गये दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करना होगा। अखाड़ों के साथ डीजे का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा।
