मध्यप्रदेश शासन द्वारा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से लागू की गई भावांतर भुगतान योजना के लिए इंदौर जिले के देपालपुर विधानसभा क्षेत्र के किसानों ने रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर किसानों ने देपालपुर विधायक श्री मनोज पटेल के नेतृत्व में भव्य ट्रैक्टर रैली निकालकर सरकार के इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए मुख्यमंत्रीजी का आभार माना। ट्रैक्टर रैली में हजारों की संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों के किसान इंदौर के सुपर कॉरिडोर पर एकत्रित हुए। हजारों किसानों ने मुख्यमंत्री जी के समर्थन में नारे लगाते हुए मुख्यमंत्री जी का अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्योपुर से वर्चुअली जुड़कर किसानों को सम्बोधित किया। किसानों के इस स्नेहपूर्ण आभार प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि “किसानों की खुशहाली ही हमारी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। भावांतर योजना के माध्यम से हमने यह सुनिश्चित किया है कि किसानों को उनकी फसल का पूरा मूल्य मिले। बाजार में यदि दाम घटते भी हैं तो सरकार किसानों की आय में कोई कमी नहीं आने देगी। किसानों के चेहरे पर लौटती मुस्कान हमारे प्रयासों की सफलता का प्रमाण है।
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने बताया कि भावांतर योजना से उन्हें फसलों के घटते बाजार मूल्य से बड़ी राहत मिली है। योजना के माध्यम से उन्हें अपनी मेहनत का उचित मूल्य प्राप्त हुआ है और आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है। भावांतर योजना के कारण अब वे फसलों को औने-पौने दामों पर बेचने के लिए मजबूर नहीं हैं। मंडी में बिक्री के बाद सरकार द्वारा दी जाने वाली भावांतर राशि ने उनकी आर्थिक स्थिति को मज़बूती दी है।
