अग्रसेन महासभा द्वारा अग्रसेन जयंती महोत्सव पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद एवं अतिथियों के उद्गार

इन्दौर, राष्ट्र के नवनिर्माण में अग्रवाल समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। व्यापार-व्यवसाय, चिकित्सा, शिक्षा और राजनीति के साथ सेवा के क्षेत्र में भी अग्रवाल समाज ने हर अवसर पर आगे बढ़कर अपना योगदान किया है। प्रसन्नता इस बात की भी होना चाहिए कि 5150 वर्षों बाद भी महाराजा अग्रसेन के सिद्धांतों पर चलकर अग्रवाल समाज खुद भी आगे बढ़ रहा है और अन्य समाजों को भी अपने साथ लेकर समृद्ध राष्ट्र के नवनिर्माण में भागीदार बना हुआ है।
ये विचार हैं वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और पूर्व पुलिस महानिरीक्षक डॉ. महेंद्रसिंह सिकरवार के, जो उन्होंने सांसद शंकर लालवानी के मुख्य आतिथ्य में अग्रसेन महासभा द्वारा आयोजित अग्रसेन जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में यशवंत निवास रोड, ओएसिस टावर स्थित महासभा के कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में महाराजा अग्रसेन का चित्र पूजन कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए व्यक्त किए। महासभा के अध्यक्ष राजेश जिंदल, सचिव अनूप सिंघल 420 पापड़, अरुण आष्टावाले एवं अन्य पदाधिकारियों ने प्रारम्भ में अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम संयोजक सीए एसएन गोयल एवं गोपाल गुप्ता ने बताया कि इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी प्रेमचंद गोयल, पीडी अग्रवाल कांट्रेक्टर, रामनारायण अग्रवाल, टीकमचंद गर्ग, एसएन गोयल समाधान, विष्णु बिंदल, मोहनलाल बंसल, अजय आलूवाले, तिलोकचंद अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, अजय अग्रवाल, प्रमोद बिंदल, नितिन एपेक्स, ओम अग्रवाल कोल सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ समाज बंधु उपस्थित थे। संचालन सीए एसएन गोयल ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ गाय के दूध से बने मिल्क केक कटिंग के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि महाराजा अग्रसेन सच्चे दानवीर थे जिन्होंने समाजसेवा का नया मंत्र देकर समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सेवा से जुड़ने का सन्देश दिया। उनके सेवा प्रकल्पों का प्रभाव आज भी सारे देश में देखने को मिल रहा है। निश्चित ही आज के युग में जरुरतमंदों की सेवा ही सबसे बड़ा पुण्य प्रकल्प माना जाना चाहिए। उन्होंने अग्रसेन जयंती पर सभी समाज बंधुओं को बधाई एवं शुभकामनाएँ भी व्यक्त की। इस दौरान अनेक अवसरों पर महाराजा अग्रसेन के जयघोष से सभागृह गूंजता रहा।
