कलेक्टर शिवम वर्मा ने सांदीपनि अहिल्याश्रम कन्या विद्यालय का किया निरीक्षण

इंदौर
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को स्काउट ग्राउंड चिमनबाग झोन क्रमांक-3 में विशाल जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, विधायक श्री गोलू शुक्ला, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति, स्मार्ट सिटी के सीईओ श्री अर्थ जैन, एसडीएम श्री घनश्याम धनगर सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। शिविर में अधिकारियों ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी तथा उनके त्वरित निराकरण के लिये संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रात्र हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किये गये। अभियान के तहत प्रशासनिक अधिकारियों ने शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही विभिन्न विकास कार्यों, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और नागरिकों को मिल रही सुविधाओं की मैदानी स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर श्री वर्मा ने किया शासकीय सांदीपति अहिल्याश्रम विद्यालय का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री वर्मा ने पोलोग्राउंड स्थित शासकीय सांदीपनि अहिल्याश्रम कन्या विद्यालय का निरीक्षण कर छात्राओं के लिये उपलब्ध शिक्षण व्यवस्था और केन्द्र के बारे में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, विधायक श्री गोलू शुक्ला, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री वर्मा ने छात्राओं के साथ संवाद कर उनसे शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान संस्था के प्राचार्य ने बताया कि छात्राओं ने एटीएम का आधुनिक मॉडल बनाया। कलेक्टर श्री वर्मा ने छात्राओं के कार्यों की सराहना की और उन्हें आगे बढ़ने के लिये प्रोत्साहित किया। इस मौके पर अधिकारियों ने विद्यालय की समस्त कक्षाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शिविर स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिये मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत यह विशाल शिविर आयोजित किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों की विभिन्न समस्याओं का मौके पर त्वरित निराकरण करना है। महापौर श्री भार्गव ने कहा कि अब संबंधित विभागों के अधिकारियों का दायित्व है कि वे नागरिकों की समस्याओं को न केवल संवेदनशीलता के साथ सुने बल्कि उसका समाधान भी करें। शिविर स्थल पर अधिकारियों ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं अन्य योजनाओं के हितलाभ हितग्राहियों को वितरित किये।
हितग्राही शिवम ओझा ने सुनाई सफलता की कहानी
शिविर स्थल पर मुसाखेड़ी निवासी हितग्राही शिवम ओझा ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत प्राप्त ऋण से फूटवेयर दुकान से आमदनी बढ़ गई। शिवम ने कहा कि यह सब राज्य शासन की कल्याणकारी योजनाओं से संभव हुआ है। दुकान के लिये अब मुझे अधिक ऋण लेने की पात्रता मिल जायेगी। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य श्री अभिषेक बबलू शर्मा और श्री मनीष शर्मा एवं क्षेत्रीय पार्षद उपस्थित थे।
शिविर में विभिन्न संस्थाओं के स्टॉल प्रदर्शित किये गये
शिविर स्थल पर पशुपालन डेयरी एवं डेयरी विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न शासकीय विभागों के स्टॉल लगाये गये। साथ ही शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि: शुल्क दवाईयां वितरित की गई और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराये गये।
