800 मातृशक्ति की कलश यात्रा के साथ नर्मदा जल टंकी का भूमि पूजन संपन्न

इंदौर, 18 अगस्त 2026। देपालपुर विधानसभा के वार्ड क्रमांक 16 में पिछले कई वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। ग्रामीण क्षेत्र से नगर निगम सीमा में 2012 में शामिल होने के बाद नया वार्ड बनने के बावजूद क्षेत्र की सभी कॉलोनियों में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई थी। अब अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत नर्मदा जल वितरण के लिए पानी की टंकी का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होने जा रहा है।इसी क्रम में वार्ड की सक्रिय पार्षद श्रीमती सोनाली मुकेश धारकर के नेतृत्व में शिव मंदिर, स्मृति नगर से लगभग 800 मातृशक्ति की भव्य कलश यात्रा निकाली गई कलश यात्रा निर्भय गरबा मैदान छोटा बांगड़दा मेन रोड तक रही । कलश यात्रा के पश्चात नर्मदा जल की प्रस्तावित पानी की टंकी का भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की शुरुआत पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे वार्ड के लिए बड़ी सौगात बताया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देपालपुर विधायक श्री मनोज निर्भय सिंह पटेल रहे। विशेष अतिथि के रूप में इंदौर महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, एवं जलकार्य-ड्रेनेज लाइन प्रभारी श्री अभिषेक ‘बबलू’ शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम में पार्षद श्रीमती सोनाली मुकेश धारकर द्वारा सभी मंचासीन अतिथियों का अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। वहीं कार्यक्रम का शानदार एवं प्रभावी मंच संचालन सरस्वती पुत्र श्री द्वारका जी चौरसिया ने किया। उनके उत्कृष्ट मंच संचालन के लिए मंचासीन अतिथियों द्वारा प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया गया।वार्डवासियों का कहना है कि नर्मदा जल की टंकी का निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के समाधान का मार्ग प्रशस्त होगा और अनेक कॉलोनियों के रहवासियों को नियमित एवं सुचारु पेयजल उपलब्ध होने की उम्मीद है। यह कार्य वार्ड 16 के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।
