सिंहस्थ के व्यस्ततम समय की दर्शन क्षमता के अनुरूप तैयार हों होल्डिंग एरिया और अलग कॉरिडोर

इंदौर
संभागायुक्त भास्कर लक्षकार ने कहा है कि सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए ओंकारेश्वर क्षेत्र में संचालित सभी विकास एवं निर्माण कार्यों में भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने मंगलवार को ओंकारेश्वर के पुलिस कंट्रोल रूम में बैठक लेकर सिंहस्थ-2028 के लिए क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संभागायुक्त श्री लक्षकार ने कहा कि सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए ओंकारेश्वर में किए जा रहे निर्माण कार्यों में “सिंहस्थ के व्यस्ततम समय” के लिए अनुमानित दर्शन क्षमता के अनुरूप भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए होल्डिंग एरिया तैयार करने, विशिष्टजनों के लिए अलग कॉरिडोर बनाने तथा आपातकालीन चिकित्सा रूट की व्यवस्था करने के निर्देश उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को दिए।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक अनुराग, उपमहानिरीक्षक श्रीमती सिमाला प्रसाद, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, पुनासा एसडीएम पंकज वर्मा और सहायक कलेक्टर सुश्री शिल्पा चौहान सहित गृह, स्वास्थ्य, वन, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण एवं म.प्र. विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी उपस्थित थे।
संभागायुक्त श्री लक्षकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग क्षेत्र में ईवी चार्जिंग प्वाइंट, ई-कार्ट और व्हीलचेयर की व्यवस्था भी की जाए। उन्होंने सिंहस्थ के दौरान पैदल आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए थोड़ी-थोड़ी दूरी पर पेयजल और अस्थाई शौचालयों की व्यवस्था करने तथा घाटों पर सुरक्षित स्नान के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्री लक्षकार ने सिंहस्थ-2028 से संबंधित विभिन्न निर्माण कार्यों के टेंडर की स्थिति, बजट प्रावधान और निर्माणाधीन कार्यों की वर्तमान स्थिति की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि ओंकारेश्वर नगर के नालों का प्रदूषित जल किसी भी स्थिति में नर्मदा नदी में जाकर न मिले। उन्होंने नर्मदा नदी के तट पर निर्मित हो रहे नए घाटों के निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में खण्डवा कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने बताया कि सिंहस्थ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के ओंकारेश्वर पहुंचने की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए सभी आवश्यक निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं तथा इन कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण भी किया जा रहा है। बैठक में उन्होंने ओंकारेश्वर में सिंहस्थ मद से संचालित विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी संभागायुक्त श्री लक्षकार को दी।
बैठक से पहले संभागायुक्त श्री लक्षकार ने ओंकारेश्वर में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण भी किया और संबंधित अधिकारियों को प्रचलित कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ममलेश्वर एवं ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में पहुंचकर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
