शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग
डायपर गोदाम जलकर ख़ाक, फायर ब्रिगेड ने दीवार तोडक़र दो घंटे में पाया काबू
इंदौर । देर रात खातीवाला टैंक क्षेत्र के वीर सावरकर नगर भक्ति प्रिया आश्रम के सामने में एक तीन-मंजि़ला रिहायशी इमारत (मल्टी) में बड़ा हादसा होते-होते बचा। प्रकाश पैलेस अपार्टमेंट के बेसमेंट में स्थित अनिल प्रेमचंदानी और सुनील प्रेमचंदानी का डायपर गोदाम में शॉर्ट-सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। बेसमेंट में जमा हुए दम घोंटने वाले धुएं के कारण पूरी इमारत के रहवासियों में दहशत फैल गई और उन्हें आनन-फानन में अपने घर छोडऩे पड़े। फायर बिग्रेड को सूचना के बाद एसआई संतोष दुबे के नेतृत्व में दमकल की दो गाडिय़ां तुरंत मौके पर भेजी गईं। आग बेसमेंट में इतनी तेज़ी से फैली थी कि वहाँ धुएं का घना गुबार भर गया था। फायर ब्रिगेड टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती धुएं के बीच बेसमेंट में घुसकर आग के स्रोत तक पहुँचना था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए फायर टीम को धुएं को बाहर निकालने के लिए पास की एक दीवार को तोडऩा पड़ा। लगभग 8,000 लीटर पानी का उपयोग करते हुए, अग्निशमन दल ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद रात 12.10 बजे आग पर पूरी तरह से काबू पाया। इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। हालाँकि, बेसमेंट में रखे डायपर, सेनेटरी नेपकीन का सामान, धागा बंडल और गोदाम में रखा अन्य मटेरियल जलकर ख़ाक हो गया, जिससे लाखों के नुक़सान का अनुमान है। प्रारंभिक जाँच में दुकान मालिक ने बताया कि वे जल्द ही नई दुकान का शुभारंभ करने वाले थे। आग लगने का संभावित कारण बिजली के तारों में हुआ शॉर्ट-सर्किट माना जा रहा है।
