इन्दौर। भंवरकुआं क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली एक चोरी की घटना सामने आई है। काम से घर लौट रही एक महिला को जब रास्ते में चक्कर आए, तो दो अज्ञात युवक मदद के बहाने उनके पास आकर बैठ गए। जैसे ही महिला की आंख लगी, आरोपी उनके शरीर से सोने के कीमती जेवर उतारकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, जीत नगर निवासी संगीताबाई (५०) रोजाना की तरह अपना काम खत्म कर पैदल घर की ओर जा रही थीं। जैसे ही वह भंवरकुआं ब्रिज के नीचे स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचीं, उन्हें अचानक चक्कर आने लगे और घबराहट महसूस हुई। खुद को संभालने के लिए वह मंदिर के पास ही ओटले पर बैठ गईं।?संगीता बाई ने पुलिस को बताया कि जब वह वहां बैठी थीं, तभी दो अज्ञात युवक उनके पास आकर बैठ गए। उन्हें देखकर ऐसा लग रहा था कि वे उनका हालचाल पूछने या मदद करने के इरादे से रुके हैं। इसी बीच, चक्कर और कमजोरी के कारण संगीता बाई की आंख लग गई और वह गहरी नींद में सो गईं। कुछ देर बाद जब महिला की नींद खुली, तो वहां सन्नाटा था। उन्हें सहारा देने का नाटक कर रहे दोनों युवक वहां से जा चुके थे। जब संगीताबाई ने अपने गले और कान को छुआ, तो उनके होश उड़ गए। बदमाश उनके कान की सोने की झुमकियां, गले की पंचाली और मंगलसूत्र पार कर चुके थे। महिला ने तुरंत शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकले थे। घटना की सूचना मिलते ही भंवरकुआं पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का मानना है कि आरोपी पहले से ही महिला का पीछा कर रहे थे या उन्हें अकेला देखकर शिकार बनाया। पुलिस अब मंदिर के आसपास और ब्रिज के नीचे लगे कैमरों की फुटेज देख रही है ताकि आरोपियों के हुलिए का पता लगाया जा सके।
