
इंदौर, 25 अक्टूबर । नवलखा स्थित साजन नगर में भक्तों से सहयोग से खाटू श्याम बाबा एवं भगवान नर्मदेश्वर महादेव मंदिर का निर्माण कार्य संपन्न होने पर शुक्रवार 31 अक्टूबर एवं शनिवार 1 नवंबर को नवनिर्मित मंदिर में भव्य प्राण प्रतिष्ठा का दो दिवसीय दिव्य आयोजन किया जा रहा है।
आयोजन के प्रमुख सुरेश रामपीपलिया ने बताया कि इंदौर श्याम प्रेमी संघ के तत्वावधान में इस अवसर पर प्राण प्रतिष्ठा के पूर्व मंडल स्थापना, प्रतिमाओं के अन्नाधिवास, जलाधिवास एवं फलाधिवास सहित दिव्य विधान किए जाएँगे। विद्वान आचार्यों के निर्देशन में विधि-विधान के साथ श्याम बाबा के शीश की आध्यात्मिक ऊर्जा का आह्वान भी होगा। बाबा के शीश की प्रतिमा जयपुर से बनवाकर बुलवाई गई है। शनिवार देवउठनी एकादशी 1 नवंबर को प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य महोत्सव एवं जन्मोत्सव समारोह वैदिक मंत्रोच्चार की मंगल ध्वनि के बीच होगा। शनिवार 1 नवंबर को सुबह खाटू श्याम जी के शीश की प्राण प्रतिष्ठा तथा दोपहर में श्याम बाबा का जन्मोत्सव, पूजन एवं मंगल आरती होगी तथा शाम 7 बजे से भव्य भजन संध्या के पश्चात महाप्रसादी का वितरण होगा। यह मंदिर करीब 1 हजार वर्गफिट क्षेत्र में बनवाया गया है। मंदिर के साथ प्रवचन हॉल भी निर्मित किया गया है। क्षेत्र के भक्तों के सहयोग से इस मंदिर को नवलखा क्षेत्र में श्याम बाबा के मुख्य मंदिर के रूप में विकसित किया जा रहा है।
