दतिया में पीतांबरा शक्ति पीठ में माता की संध्या आरती चल रही थी इसी समय मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर बन रहे स्ट्रक्चर के 8 पिलर अचानक भरभराकर गिर गए। पिलर गिरते ही धमाके जैसी तेज आवाज आई। कुछ देर के लिए मंदिर परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
पीतांबरा शक्तिपीठ में मंदिर के मुख्य गेट का निर्माण 10 करोड़ रुपए में किया जा रहा है। गेट में राजस्थान के उदयपुर से लाए सैंडस्टोन का उपयोग हो रहा है। इसी मुख्य द्वार को बनाने के लिए 12 पिलर रखे हुए थे। 12 में 8 पिलर गिरे।मुख्य द्वार का निर्माण मिनी कॉरिडोर की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है।
पिलर गिरने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि प्रबंधन का कहना है कि जांच के बाद ही कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और गिरा हुआ मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया है।
