देश के 97 शहरों से आने वाली महिलाएं करेंगी विभिन्न सामयिक विषयों पर विचार मंथन- कल सुबह निकलेगा भव्य जुलूस

इंदौर वीआईपी रोड स्थित किला मैदान, दलाल बाग परिसर में निर्मित विद्या-सुधा मंडप में राष्ट्रसंत मुनिश्री सुधासागर म.सा. के सानिध्य में चल रहे चातुर्मास महोत्सव में आगामी 4-5 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्तर पर जैन महिला अधिवेशन होगा जिसमें देश के 97 शहरों से 3800 से अधिक महिलाएं शामिल होंगी। इसे महिलाओं का महाकुम्भ नाम दिया गया है और यह देश में 31वां महिला अधिवेशन होगा। दो दिवसीय इस सम्मेलन में आने वाली मातृशक्तियों का 5 अक्टूबर को शहर में भव्य जुलूस भी निकाला जाएगा और देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति एवं परम्पराओं को दर्शाने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। दोनों दिन महिलाओं से जुड़े विभिन्न सामयिक और ज्वलंत विषयों पर विचार मंथन होगा। इस दौरान मिसेस इंडिया श्रीमती श्वेता मेहता मोदी भी विशेषरूप से उपस्थित रहेंगी। इस अवसर पर डॉ. ममता जैन (पुणे), श्रीमती नीलू छाबड़ा (जयपुर), श्रीमती सुमन दिग्विजय जैन को नारी गौरव सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।
कार्यक्रम की मुख्य संयोजक चक्रवर्ती श्रीमती सपना मनीष गोधा एवं चक्रवर्ती श्रीमती शिवानी नवीन गोधा ने बताया कि दिगम्बर जैन समाज सामाजिक संसद कीर्ति स्तम्भ के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस अधिवेशन में देश के गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, छग एवं मध्यप्रदेश सहित चार राज्यों के 97 शहरों से 3800 महिलाओं के पंजीयन अब तक हो चुके हैं जबकि इस पूरे आयोजन में 5 हजार से अधिक महिलाओं की प्रतिभागिता होने की उम्मीद है।
सुबह ध्वजारोहण से होगा शुभारंभ – अधिवेशन का शुभारंभ सुबह 7.15 बजे से ध्वजारोहण एवं ध्वज गीत के साथ होगा। इस दौरान चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन और मंगलाचरण भी होगा। पुणे से आई डॉ. ममता जैन “आज के युग में नारी की चुनौती” विषय पर फैशन, दिखावा, प्रतिस्पर्धा के बीच शील और मर्यादा की रक्षा जैसे विषयों को शामिल करते हुए मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगी। तद्पश्चात मुनिश्री की मंगल देशना होगी। दूसरा सत्र दोपर 1.15 बजे से अपराह्न 4.30 बजे तक चलेगा जिसमें चक्रवर्ती रानी श्रीमती सपना गोधा (इंदौर), मुख्य वक्ता के रूप में नारी गौरव सम्मान विषय पर अपने विचार व्यक्त करेंगी। अध्यक्षीय उद्बोधन के बाद मुनिश्री की मंगल देशना होगी। वे श्रमण शक्ति में नारी का योगदान विषय पर अपने आशीर्वचन देंगे। तीसरा सत्र रात 8 बजे से प्रारम्भ होगा जिसमें खेलकूद स्पर्धाएं, रिले रेस, म्यूजिकल चेयर जैसे आयोजन होंगे। इन सभी कार्यक्रमों में त्रिशला संभाग इंदौर, सूरत संभाग, अजमेर संभाग एवं देश के अन्य राज्यों से आई मातृशक्ति की भागीदारी रहेगी। मुख्य रूप से किशनगंज से श्रीमती सुशील पाटनी और श्रीमती शांता पाटनी एवं श्रीमती तरीका पाटनी भी इस अधिवेशन में शामिल होंगी। शिविर का नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शीला जैन डोडिया (जयपुर) करेंगी।
कल भव्य जुलूस – सोमवार 5 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से एयरपोर्ट थाने के आगे मिडफ्लाइट होटल से दलाल बाग तक महिलाओं का भव्य जुलूस निकाला जाएगा और दलाल बाग में सुबह 8 बजे से मुनिश्री के पावन सानिध्य में बैनर प्रजेंटेशन एवं मंगल देशना के आयोजन होंगे। दूसरा सत्र दोपहर 1.15 बजे से शाम 4.30 बजे तक पुरस्कार वितरण का होगा जिसमें विभिन्न स्पर्धाओं में शामिल विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। अधिवेशन में देश के चारों राज्यों की मातृशक्ति शामिल होंगी। जुलूस संयोजक राहुल सेठी, सामाजिक संसद महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष साधना दगडे, सह संयोजक गौरव पाटोदी, राहुल झांजरी, अंकुल पाटोदी एवं सुयश जैन मनोनीत किए गए हैं। चक्रवर्ती अध्यक्ष नवीन गोधा, सामाजिक संसद के अध्यक्ष आनंद गोधा, मनीष गोधा, महोत्सव अध्यक्ष अशोक डोसी, आकाश जैन कोयला, महामंत्री हर्ष जैन, विजय पाटोदी, प्रिंसपाल टोंग्या ने बताया कि अधिवेशन की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। महिला शिविरार्थियों का आगमन शुरू हो चुका है।
