
इंदौर
महाराजा अग्रसेन पारमार्थिक न्यास द्वारा इस बार समाज के 742 छात्रों को 55 लाख रुपए से अधिक की शिक्षा सहायता राशि का वितरण रविवार 16 अगस्त को सुबह 11 बजे गीता भवन सत्संग सभागृह में आयोजित समारोह में किया जाएगा।
शनिवार को न्यास की बैठक में उक्त निर्णय लिया गया। इसके साथ ही यह निशचय भी किया गया कि समाज के प्रतिभावान और होनहार बच्चों को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं जैसे आईएएस, आईपीएस और प्रदेश स्तर की परीक्षाओं में उत्साहवर्धन करने के लिए 25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इन बच्चों के चयन के लिए 5 प्रतिभावान बच्चों की ही एक समिति गठित की जाएगी।
न्यास के प्रमुख परामर्शदाता प्रेमचंद गोयल एवं प्रमुख संरक्षक विनोद अग्रवाल तथा उच्च शिक्षा समिति के चेयरमैन दिनेश मित्तल ने बताया कि गीता भवन में आयोजित इस बैठक में ट्रस्ट के अध्यक्ष राम ऐरन, महामंत्री अरविन्द बागड़ी, टीकमचंद गर्ग, जगदीश बाबाश्री, पवन मोयरा, श्याम मोमबत्ती, विष्णु बिंदल, निर्मल रामरतन अग्रवाल, बीआर गोयल, नंदकिशोर कंदोई, गोपालकृष्ण नेमानी, संजय मंगल एवं अन्य पदाधिकारियों ने शामिल होकर इस शिक्षा सत्र में 12वीं कक्षा तक के 742 छात्रों को शिक्षा सहायता के लिए चयनित किया जिन्हें न्यास की ओर से 16 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में 55 लाख रुपए से अधिक की शिक्षा सहायता प्रदान की जाएगी।
उच्च शिक्षा समिति के चेयरमैन दिनेश मित्तल ने बताया कि समाज के प्रतिभावान बच्चों को राज्य एवं केंद्र स्तर की विभिन्न प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं में प्रोत्साहित करने तथा उनके लिए उचित कोचिंग आदि की व्यवस्था के लिए न्यास द्वारा 25 लाख रुपए की अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है। आईआईटी, आईआईएम, एमपीपीएससी एवं यूपीपीएससी द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली परीक्षाओं में शामिल होने वाले बच्चों के चयन हेतु 5 सदस्यीय एक समिति का गठन भी किया जा रहा है जिसमें प्रतिभावान छात्रों को ही शामिल किया जाएगा। रविवार को गीता भवन सभागृह में आयोजित शिक्षा दान महादान कार्यक्रम में मप्र उच्च न्यायालय के न्याय मूर्ति विनय सराफ, अक्षत मनीष सिंघल (दंगल टीवी) एवं समाजसेवी बिनोद अग्रवाल (श्रीतिरुपति बालाजी ग्रुप) के मुख्य आतिथ्य में प्रतीकात्मक रूप से आमंत्रित किए गए 100 बच्चों को शिक्षा सहायता राशि का वितरण किया जाएगा। शेष बच्चों को सहायता राशि सीधे उनके स्कूलों को भेजी जाएगी।
