बुजुर्ग लक्ष्मी नारायण का कराया गया निःशुल्क इलाज

इंदौर
कलेक्टर कार्यालय इंदौर में प्रति मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई में एक बार फिर मानवीय संवेदना का उदाहरण देखने को मिला। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया।
इसी जनसुनवाई में उपस्थित एक बुजुर्ग लक्ष्मी नारायण की दयनीय स्थिति देखकर कलेक्टर श्री वर्मा की संवेदनशीलता पुनः सामने आई। बुजुर्ग की पत्नी श्रीमती प्रेम बाई ने बताया कि लक्ष्मी नारायण को कुछ समय पूर्व कुत्ते ने काट लिया था, लेकिन समुचित उपचार न मिलने के कारण उनके पैर में गंभीर संक्रमण और असहनीय पीड़ा हो रही थी। कलेक्टर श्री वर्मा ने बुजुर्ग की हालत को देखते हुए बिना विलंब कलेक्टर कार्यालय से ही एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें अस्पताल भिजवाने के निर्देश दिए। अस्पताल में चिकित्सकीय उपचार के साथ-साथ मानवीय सहयोग की भी मिसाल देखने को मिली। समाजसेवी श्री जयू जोशी एवं अन्य समाजसेवियों द्वारा बुजुर्ग को स्नान कराया गया, दाढ़ी कटिंग करवाई गई तथा उन्हें नए कपड़े पहनाए गए, जिससे वे पूर्णतः नए रूप में नजर आए। वर्तमान में बुजुर्ग लक्ष्मी नारायण को अस्पताल में भर्ती कर निःशुल्क उपचार प्रदान किया जा रहा है। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की इस पहल ने न केवल एक जरूरतमंद बुजुर्ग को राहत दी, बल्कि जनसुनवाई को संवेदनशील और जनहितैषी प्रशासन का सशक्त उदाहरण भी बना दिया।
