प्रख्यात गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद आएँगे – तीनों दिन गीता के विभिन्न आयामों पर होंगे प्रवचन

इंदौर। सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और सांस्कृतिक पुनरुत्थान के दिव्य संकल्प के साथ गत दिसम्बर माह में कोलकाता में रचे गए विश्व कीर्तिमान के बाद अब मप्र की आर्थिक राजधानी इंदौर में 6 से 8 फरवरी तक विशाल आध्यात्मिक उत्सव का आयोजन होगा। इस आयोजन के माध्यम से प्रख्यात गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद इंदौर आएँगे और कनाड़िया रोड, मोर्या हिल्स स्थित कुसुम देवी छावछरिया सभागृह में प्रतिदिन दोपहर 3 से 6 बजे तक अपने प्रवचनों की अमृतवर्षा करेंगे। गीता के माध्यम से अपने जीवन को संवारने और गीता के संदेशों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से हो रहे इस उत्सव में इंदौर एवं मालवांचल के प्रमुख 12 जिलों के श्रद्धालु मिलकर दिव्य गीता सत्संग में नया कीर्तिमान दर्ज करेंगे।
इंदौर में शुकवार 6 फरवरी से रविवार 8 फरवरी तक होने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियाँ शुरू हो गई हैं। अ.भा. अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल (दिल्ली) एवं समन्वयक कुलभूषण मित्तल कुक्की ने बताया कि इस वृहद आयोजन की मेजबानी सूठीबाई दौलतराम पारमार्थिक न्यास करेगा। ट्रस्ट के संस्थापक बालकृष्ण छावछरिया एवं अध्यक्ष समाजसेवी विनोद अग्रवाल, पुरुषोत्तम अग्रवाल (अग्रवाल ग्रुप), विमल तोडी एवं पवन सिंघानिया (मोयरा समूह) प्रमुख यजमान के रूप में शामिल होगें।
कार्यक्रम के संचालन हेतु जीओ गीता के प्रदेश संयोजक मनोरंजन मिश्रा (भोपाल) और निशा जोशी एवं एस.एन. गोयल समाधान को शामिल करते हुए आयोजन समिति का गठन किया गया है जिसमें कुलभूषण मित्तल कुक्की सचिव, विनय छावछरिया उपाध्यक्ष, जयश्री अग्रवाल, पवन सिंघानिया, दिनेश मित्तल, टीकमचंद गर्ग, निर्मल रामरतन अग्रवाल, विष्णु बिंदल, अचल चौधरी, सीए एसएन गोयल, योगेन्द्र जैन बाबा एवं खजराना गणेश मंदिर के मुख्य पुजारी पं. अशोक भट्ट शामिल किए गए हैं। प्रख्यात गीता मनीषी एवं महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद महाराज 6 फरवरी को सुबह विमान से इंदौर पहुंचेंगे। वे यहाँ गीता से जुड़े विभिन्न आयामों पर प्रतिदिन दोपहर 3 से 6 बजे तक अपने प्रवचनों की अमृत वर्षा करेंगे। शहर में उनके पावन सानिध्य में कुछ अन्य कार्यक्रमों के आयोजन किए जाने के प्रस्ताव भी मिले हैं।
जीओ गीता के अंतर्राष्ट्रीय महामंत्री प्रदीप मित्तल ने बताया कि गत 7 दिसम्बर को कोलकाता में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद की अध्यक्षता में एक अभूतपूर्व कार्यक्रम संपन्न हुआ जिसमें 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने एक साथ भगवद गीता का सामूहिक पाठ कर विश्व कीर्तिमान बनाया है। इस महोत्सव में 2000 से अधिक संतों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें प्रमुख रूप से दीदी माँ के नाम से प्रख्यात साध्वी ऋतंभरा देवी और बागेश्वर धाम के प्रमुख पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सहित अनेक संत विद्वान भी शामिल हुए।
कुक्की ने बताया कि इस आयोजन में प्रदीप मित्तल, जो जीओ गीता के अंतर्राष्ट्रीय महामंत्री भी हैं, की महत्वपूर्ण भूमिका रही है जिन्होंने इस उत्सव में पूरे विश्व के अग्रवाल समाज का प्रतिनिधित्व भी किया और कोलकाता में हुए उत्सव की व्यवस्थाओं को भी संजोया। इस अवसर पर जीओ गीता संस्थान द्वारा 5 लाख गीता (हिंदी और बंगला भाषा में) की प्रतियाँ प्रकाशित कर वितरित भी की गई जो देश में अपने किस्म का नया कीर्तिमान माना जा रहा है। इंदौर में स्वामी ज्ञानानन्द जी के सानिध्य में इस तरह का तीन दिवसीय आयोजन चूँकि पहली बार हो रहा है इसलिए समूचे मालवांचल में व्यापक उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस दिव्य गीता सत्संग में शामिल होने के लिए इंदौर आएँगे। सत्संग की तैयारियों के लिए प्रतिदिन टेलीफोन नगर स्थित कार्यालय पर नियमित बैठकों का सिलसिला शुरू हो गया है।
