इच्छुक विद्यार्थी 25 अप्रैल तक जमा कर सकेंगे आवेदन
इंदौर
मध्यप्रदेश शासन के अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित शासकीय ज्ञानोदय विद्यालय मोरोद, खण्डवा रोड इंदौर में सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 7वीं, 8वीं, 9वीं एवं 11वीं में रिक्त सीटों पर नवीन प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि बालक और बालिकाओं हेतु कक्षा 7वीं में कुल 24, कक्षा 8वीं में 15, कक्षा 9वीं में 23 तथा कक्षा 11वीं में 57 सीटें उपलब्ध हैं। इच्छुक विद्यार्थी 25 अप्रैल 2026 सायं 5 बजे तक कार्यालयीन समय में विद्यालय में उपस्थित होकर आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। शासकीय अवकाश के दिनों को छोड़कर आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
प्रवेश के लिए पात्रता अनुसार पूर्व कक्षा में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक अथवा ‘बी’ ग्रेड अनिवार्य है। रिक्त सीटों की संख्या में आवश्यकता अनुसार वृद्धि या कमी की जा सकती है। विद्यालय सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध एवं आवासीय सुविधा युक्त है।
प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत कक्षा 9वीं एवं 11वीं हेतु प्रवेश परीक्षा 27 अप्रैल 2026 को दोपहर 11:30 बजे से 2 बजे तक आयोजित की जाएगी। वहीं कक्षा 7वीं एवं 8वीं के लिए परीक्षा 28 अप्रैल 2026 को इसी समयावधि में संपन्न होगी।
उल्लेखनीय है कि अनुसूचित जाति वर्ग हेतु 90 प्रतिशत एवं सामान्य, पिछड़ा वर्ग तथा अनुसूचित जनजाति के आर्थिक रूप से कमजोर (बीपीएल/पीला राशन कार्डधारी) अभ्यर्थियों हेतु 10 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई हैं।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी शासकीय ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय, मोरोद, खण्डवा रोड चमेली देवी कालेज के सामने इंदौर से संपर्क कर सकते हैं।
