
इंदौर।
प्रकृति-प्रेम और टैरेस गार्डनिंग को समर्पित व्यक्तित्व मनीष बाग इंदौर के पर्यावरणविद महेश बंसल की 14 दिसम्बर 2025 को प्रकाशित कॉफी टेबल बुक ‘पुष्प गंगा : मेरी बगिया के 101 फूल’ ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। यह पहला मौका है जब ‘पुष्प गंगा’ ने गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स तथा इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में एकसाथ अपनी जगह बनाई है।
गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में यह कीर्तिमान “निजी टैरेस (रूफटॉप) गार्डन में समयक्रम से खिले फूलों पर आधारित विश्व की पहली कॉफी टेबल बुक” श्रेणी में दर्ज हुआ है जबकि इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में यह पुस्तक “एक व्यक्ति द्वारा चित्रों सहित अधिकतम फूलों का विवरण प्रस्तुत करने वाली पुस्तक” श्रेणी में दर्ज हुई है।
पुस्तक में लेखक महेश बंसल ने अपने निजी टैरेस गार्डन में समय-समय पर खिले 101 विभिन्न फूलों का चित्रों सहित भावनात्मक, अनुभवजन्य एवं साहित्यिक वर्णन प्रस्तुत किया है। यह कृति केवल पुष्प-विवरण नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति 12 वर्ष की साधना और संवेदनशील दृष्टि का सजीव दस्तावेज़ मानी जा रही है।
70 वर्ष की आयु में बंसल को प्राप्त यह दोहरा कीर्तिमान इस तथ्य का प्रमाण है कि जब उद्देश्य निःस्वार्थ हों और भाव निर्मल हों, तब साधारण प्रतीत होने वाले प्रयास भी असाधारण उपलब्धियों में परिवर्तित हो जाते हैं। ‘पुष्प गंगा’ का यह कीर्तिमान न केवल लेखक, बल्कि इंदौर नगर और शहरी बागवानी से जुड़े समस्त प्रकृति-प्रेमियों के लिए भी गौरव का विषय है। इस संबंध में बंसल का कहना है कि उन्होंने यह पुस्तक किसी पुरस्कार या कीर्तिमान के लिए नहीं स्वांतः सुखाय हेतु लिखी है जो स्वमेव परकाया सुखाय की ओर अग्रसर हो गई है। पुस्तक प्रिंट में देने हेतु लेआउट इत्यादि के मार्गदर्शन हेतु इंटरनेट पर सर्च करने के दौरान ज्ञात हुआ कि ऐसी कोई काफी टेबल बुक नहीं है। यह मालूम होने पर ही रिकॉर्ड बुक हेतु दावा किया गया था।
