इंदौर
साजन नगर नवलखा स्थित खाटू श्याम मंदिर, नर्मदेश्वर महादेव मंदिर पर जया एकादशी के उपलक्ष्य में सैकड़ों भक्तों को पीताम्बर परिधान बागा की भेंट दी गई। मन्दिर समिति के सुरेश रामपीपलिया एवं साजन नगर रहवासी संघ के अध्यक्ष सुजीत शर्मा ने बताया कि समाजसेवी अशोक अग्रवाल मारवाड़ी एवं नेहा गर्ग के सहयोग से मंदिर पर श्रृंगार, 56 भोग, महाआरती एवं भजन संकीर्तन के बाद भक्तों को बागा का निशुल्क वितरण किया गया। मान्यता है कि वर्ष में केवल एक बार बसंत पंचमी पर श्याम बाबा का यह परिधान बदला जाता है। इस बार साजन नगर स्थित श्याम बाबा के पीताम्बर परिधान का भक्तों में वितरण किया गया, जिसके बारे में मान्यता है कि इसे घर में रखने या शरीर पर धारण करने से निःसंतान महिलाओं को संतान प्राप्ति एवं रोगों से मुक्ति मिलती है। लगभग 2 हजार भक्तों ने मंदिर पहुंचकर यह भेंट ग्रहण की।
