
इंदौर
एबी रोड मालवीय नगर स्थित खाटू श्याम मंदिर पर बसंतोत्सव के दौरान करेंसी नोटों से किए गए श्रृंगार के दर्शनार्थ भक्तों के आगमन का सिलसिला अब भी जारी है। जया एकादशी के उपलक्ष्य में सैकड़ों भक्तों ने मंदिर आकर 2 लाख रुपए के असली करेंसी नोटों से किए गए श्रृंगार को जीभरकर निहारा।
मंदिर के प्रमुख मदनलाल शर्मा बाबा, रामकुमार अग्रवाल एवं राजकुमार चितलांगिया ने बताया कि गत 23 जनवरी से श्याम भक्त नाना राठोर एवं उनकी टीम के साथियों ने समूचे गर्भ गृह एवं मंदिर परिसर स्थित देवी-देवताओं का करेंसी नोटों से श्रृंगार किया था। यह श्रृंगार अब भी यथावत बना हुआ है। लिहाजा प्रतिदिन श्रृंगार दर्शन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ रहा है। भक्त मंडल की ओर से जी डी जांगिड़, वीरेन्द्र दत्त, सार्थक जोशी, ध्रुव गौर, विवेक कसारे, रोहित सोनानिया, सुमित सोलंकी, पंकज शर्मा, जय शर्मा, अभय सोलंकी सहित अनेक भक्तों ने महाआरती में शामिल होकर मंदिर की व्यवस्थाएं संभाली। मंदिर पर करेंसी नोटों का श्रृंगार दर्शन रविवार तक खुला रहेगा।
