इंदौर । लसुडिय़ा थाना क्षेत्र में एक शातिर प्रॉपर्टी ब्रोकर द्वारा भरोसे का कत्ल कर लाखों रुपये ऐंठने की वारदात सामने आई है। आरोपी ने परिचित परिवार को निवेश का लालच देकर उनसे बड़ी रकम ली और जब रजिस्ट्री का समय आया तो वह अपने परिवार समेत गायब हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, फरियादी शशिकांत पिता रामकुमार त्रिपाठी निवासी स्कीम नंबर 78 ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके ही पड़ोस में रहने वाला रामरतन पंवार प्रॉपर्टी ब्रोकर का काम करता था। पड़ोसी होने और लंबे समय से परिचय होने के कारण त्रिपाठी परिवार उस पर अटूट विश्वास करता था। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए रामरतन ने वर्ष-2023 में शशिकांत को स्कीम नंबर 136 में एक प्राइम लोकेशन का प्लॉट दिलाने का प्रस्ताव रखा।रामरतन की बातों में आकर शशिकांत और उनके साले ने निवेश का मन बनाया। दोनों ने प्लॉट की बुकिंग के तौर पर 4-4 लाख रुपये कुल 8 लाख रुपये चेक के माध्यम से रामरतन को सौंप दिए। राशि प्राप्त करने के बाद आरोपी ने जल्द ही कागजी कार्रवाई पूरी करने का वादा किया था।हफ्तों बीतने के बाद जब शशिकांत ने प्लॉट की शेष राशि जमा करने और रजिस्ट्री कराने के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी रामरतन हर बार नया बहाना बनाकर बात टालने लगा। महीनों तक टालमटोल करने के बाद जब शशिकांत उसके घर पहुँचे, तो वे दंग रह गए। आरोपी रामरतन अपने परिवार सहित रातों-रात मकान खाली कर कहीं भाग निकला था।लसुडिय़ा पुलिस ने शशिकांत त्रिपाठी की शिकायत पर आरोपी रामरतन पंवार के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
