
प्रतिदिन सुबह शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सुनाई देंगे बाबा के जयकारे – 26 मार्च तक चलेगा सिलसिला
इंदौर शहर के साईं भक्तों के बहुप्रतीक्षित साईं बाबा महोत्सव-2026 का शुभारंभ केन्द्रीय साईं सेवा समिति के तत्वावधान में गत सोमवार से हो चुका है। गुरुवार को महोत्सव के तहत नेहरु नगर क्षेत्र में साईं प्रभात फेरी का भव्य और दिव्य आयोजन पूरे उल्लास, जोश एवं श्रद्धा के साथ किया गया। साईं भक्त सुनील खंडागले के निवास से निकाली साईं प्रभात फेरी का घर-घर आरती उतारकर, रंगोली और दीप सजाकर स्वागत किया गया। बाबा की पालकी को कंधा देने के लिए साईं भक्तों में पूरे समय होड़ मची रही। बाबा के जयघोष से समूचा नेहरु नगर क्षेत्र गुंजायमान बना रहा। भक्तों में शामिल मराठी भाषी महिलाओं ने फुगड़ी भी खेली और मृदंग, झांज मंजीरे एवं ढोलकों की थाप पर नाचते गाते हुए अपनी खुशियाँ भी व्यक्त की। यह सिलसिला 26 मार्च तक चलेगा, जब बड़ा गणपति से छत्रीबाग साईं मंदिर तक शहर के 100 से अधिक साईं मंदिरों से जुड़े श्रद्धालु भी शामिल होंगे।
श्री केन्द्रीय सांई सेवा समिति के अध्यक्ष गौतम पाठक, प्रदीप यादव और समीर जोशी ने बताया कि साईं बाबा महोत्सव का यह परम्परागत 32वां वर्ष है जिसका श्रीगणेश गत सोमवार को छावनी क्षेत्र से किया गया। अब तक छावनी एवं हवाबंगला क्षेत्र में प्रभात फेरियां निकाली जा चुकी हैं। गुरुवार को नेहरु नगर में आयोजित साईं प्रभात फेरी एवं पालकी की अगवानी का दृश्य जिसने भी देखा मंत्रमुग्ध होकर देखता रह गया। घर-घर आरती और दीप मालाओं से बाबा की पालकी का स्वागत किया गया। महिलाओं ने फुगड़ी खेली और वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि पर नृत्य भी किया।इस बार का महोत्सव साईं भक्त ब्रह्मलीन सुश्री विनिता पाठक को समर्पित रखा गया है।
मुख्य आयोजन 26 को – मुख्य आयोजन 26 मार्च को सुबह 5 बजे राम नवमी के अवसर पर बड़ा गणपति से छत्रीबाग साईं मंदिर तक भव्य पालकी यात्रा के साथ होगा जिसमें शहर के करीब 100 से अधिक साईं मंदिरों से जुड़े श्रद्धालु भी शामिल होंगे। गुरुवार को नेहरु नगर में निकली पालकी यात्रा में आलोक खादीवाला, चंदू कुंजीर, पत्रकार संजीव मालवीय, विकास जाटवा, हेमंत वर्मा, मोहन पहलवान, संतोष भुसारी, ज्ञानेश्वर होल्कर, अशोक गायकवाड, राजू आगवाने, मुकेश कराडिया, वासुदेव चावला, लतिका चंद्रातेरे, विपिन जैन, जयदीप फणसे, तरुण केतके, पूरब कपूर, विजय अगवाने, दिलीप चौहान, राजीव सूरी, बल्लू राठोर, राजेश परमार, विशाल माथोलिया, रिंकू गौर, गोपाल शर्मा, गौरव व्यास, विनय यादव, महेश शाह, भगवान वापोरे, दिलीप चावला, सौरभ यादव सहित 400 से अधिक साईं भक्त शामिल हुए। भजनों पर नाचते गाते और थिरकते साईं भक्तों का यह उत्साह निरंतर बढ़ता जा रहा है।
बाणगंगा क्षेत्र में – शुक्रवार को कुशवाह नगर सेक्टर ए बाणगंगा स्थित बसंत सांवले के संयोजकत्व में सुबह 5 बजे से प्रारंभ होगी। इसी तरह 7 मार्च को द्वारकापुरी, 8 मार्च प्रफुल्ल टॉकीज के पास, 9 मार्च को पार्श्वनाथ कॉलोनी, 10 को सुदामा नगर, 11 को स्नेहलतागंज, 12 को समाजवादी इंदिरा नगर, 13 हवाबंगला क्षेत्र में प्रभात फेरियां और बाबा की पालकी यात्रा के आयोजन होंगे।
