समाजसेवी ब्रह्मलीन मिश्रीलाल गोयल की पुण्य स्मृति में 28 मार्च से गाँधी हॉल में होगा वृहद आयोजन

इंदौर अग्रवाल महासभा की मेजबानी में ब्रह्मलीन समाजसेवी मिश्रीलाल गोयल की पुण्य स्मृति में 28 से 30 मार्च तक गांधी हॉल परिसर में आयोजित किए जा रहे अ.भा. अग्रवाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन के लिए अब तक 510 प्रविष्ठियां प्राप्त हो चुकी हैं, इनमें 280 युवक एवं 230 युवती प्रत्याशी शामिल हैं जो उच्च शिक्षित होकर सीए, एमसीए, सीएस, इंजीनियर, डॉक्टर, एमबीए, सॉफ्टवेर इंजीनियर एवं स्वयं के कारोबार में स्थापित हैं। देश के लगभग सभी हिंदी भाषी राज्यों से प्रविष्ठियां मिलने का सिलसिला जारी है।
महासभा के समन्वयक संतोष गोयल, अध्यक्ष डॉ. सतीश गोयल एवं महामंत्री अजय बंसल ने बताया कि अब तक जो 510 प्रविष्ठियां प्राप्त हुई हैं, उनमें अधिकांश प्रत्याशी उच्च शिक्षित होकर देश-विदेश में आकर्षक पैकेज पर एमएनसी में कार्यरत अथवा स्वयं के कारोबार में स्थापित हैं। पिछले दो परिचय सम्मेलनों की तरह इस परिचय सम्मेलन के लिए भी 2 हजार से अधिक प्रविष्ठियां प्राप्त होने की उम्मीद है। देशभर से जिस तरह से प्रतिदिन परिचय सम्मेलन को लेकर पालकों और प्रत्याशियों के फ़ोन आ रहे हैं, उसे देखते हुए लगता है कि इस बार भी इस सम्मेलन में सर्वाधिक प्रविष्ठियां प्राप्त होंगी। अब तक प्राप्त हुई प्रविष्ठियों का बहुरंगी परिचय पुस्तिका में सचित्र प्रकाशन भी शुरू हो गया है।
आयोजन समिति की गुरुवार को यशवंत निवास रोड स्थित महासभा के कार्यालय पर आयोजित बैठक में सम्मेलन के निमंत्रण पत्र का लोकार्पण भी किया गया। बैठक में रमेश तायल, विनोद अग्रवाल जावरा, राजकुमार गोयल, श्याम गोयल, महेश चायवाले, गोपाल अग्रवाल, नवीन गोयल तथा मातृशक्ति की ओर से श्रीमती उर्मिला गोयल, पिंकी रवि अग्रवाल, श्रद्धा बंसल एवं अनामिका अग्रवाल (स्कीम 78) ने सम्मेलन की विभिन्न तैयारियों पर अपने सुझाव एवं विचार व्यक्त किए। यह निर्णय भी लिया गया कि परिचय सम्मेलन में तीनों दिन मूक परिंदों को दाना-पानी रखने के लिए सकोरों का निशुल्क वितरण भी किया जाएगा और निहारिका गेलरी के माध्यम से परिचय सम्मेलन में आई हुई सभी प्रविष्ठियों का विवरण भी सम्मेलन स्थल पर प्रदर्शित किया जाएगा। सम्मेलन के लिए प्रत्याशियों एवं पालकों को आमंत्रित करने तथा उनके द्वारा प्रदत्त परिचय एवं जानकारी को मेगा स्क्रीन के माध्यम से प्रदर्शित करने की व्यवस्था भी की जाएगी। आयोजन समिति की नियमित बैठकें 25 मार्च तक जारी रहेंगी।
