ग्रीष्मकाल में अपने घर-आँगन, छत और बालकनी में सकोरे रखने तथा हेलमेट पहनने की भी ली शपथ

इंदौर श्री मालवा मील अग्रवाल पंचायत से जुड़े सैकड़ों समाज बंधुओं ने गुरुवार को पंचायत भवन पर आयोजित फाग महोत्सव में नाचते-गाते हुए गीत संगीत के बीच रंग-गुलाल लगाकर अपनी खुशियाँ व्यक्त की, वहीं सामाजिक सरोकार के तहत ग्रीष्म काल में मूक परिंदों के लिए अपने-अपने घर, आँगन या छत और बालकनी पर दाना-पानी रखने और यातायात नियमों का पालन करते हुए हेलमेट का प्रयोग करने की शपथ भी ली।
पंचायत के अध्यक्ष गोविन्द गर्ग भमोरी, मंत्री सुशील अग्रवाल एवं गोविन्द गोयल अलंकार ने बताया कि महाराजा अग्रसेन के चित्र पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ समाज की केन्द्रीय समिति के पूर्व अध्यक्ष संतोष गोयल ने महोत्सव का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम संयोजक विनय गोयल, दिलीप श्री किशन अग्रवाल एवं विजय बहददर ने बताया छोटे पागल बाबा के नाम से प्रख्यात भजन गायक श्रीधर झरकर ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां देकर सैकड़ों समाज बंधुओं को थिरकाए रखा। अतिथियों का स्वागत सुभाष अग्रवाल, कल्याण अग्रवाल, अजय गोयल, नरेश मित्तल, अशोक अग्रवाल, मनोहर अग्रवाल, गोविन्द रामजी लाल गोयल, सतीश मंगल, अरविन्द गोयल आदि ने किया। पूर्व अध्यक्ष संतोष गोयल ने समाज बंधुओं को पानी का अपव्यय रोकने, यातायात नियमों का पालन कर हेलमेट पहनने एवं ग्रीष्म काल में पशु पक्षियों के लिए दाना-पानी के सकोरे रखने के संकल्प दिलाए। मातृशक्ति की ओर से महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती मोनिका पोत्दार, रेखा गोयल एवं अन्य बहनों ने स्वागत किया। संचालन गोविन्द गर्ग ने किया और आभार माना अजय गोयल ने। फाग महोत्सव में देर रात तक समाज बंधु पूरे उत्साह से थिरकते रहे।
