*इंदौर में टोस्ट-ब्रेड बनाने वाली बैकरी में आग, कई टैंकरों से पाया गया काबू*
इंदौर। धार रोड स्थित नावदा पंथ के समीप सिंहासा इलाके में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नफ़ीस-सूफा बैकरी में अचानक आग लग गई। बैकरी में टोस्ट, ब्रेड, बिस्किट सहित अन्य खाद्य पदार्थ बनाए जाते हैं।
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास शुरू किए गए। एक के बाद एक कई पानी के टैंकर मौके पर पहुंचे और अब तक करीब 5 टैंकर पानी का उपयोग किया जा चुका है। समाचार लिखे जाने तक आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया था, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की आग बनी हुई थी, जिस पर दमकल कर्मी काबू पाने में जुटे थे।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह बैकरी जवाहर मार्ग, बंबई बाजार स्थित एक बैकरी संचालक परिवार की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इस यूनिट को पिछले वर्ष ही शुरू किया गया था। बैकरी एक स्कूल के पास स्थित है, जिससे आसपास के क्षेत्र में भी कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और जांच जारी है।
