Screenshot
*थानों की रैंकिंग में बाणगंगा नंबर-1, पंढरीनाथ सबसे नीचे*
*इंदौर।* इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने फरवरी माह की थानों की परफॉर्मेंस रिपोर्ट जारी कर दी है। इस रिपोर्ट में बेहतर कार्यप्रणाली के दम पर थाना बाणगंगा ने शहर में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि थाना पंढरीनाथ सूची में सबसे निचले पायदान पर रहा। इस मासिक मूल्यांकन के बाद थानों के बीच बेहतर कार्य को लेकर प्रतिस्पर्धा और तेज हो गई है।
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में लागू इस व्यवस्था के तहत कमिश्नरेट के सभी 32 थानों का हर महीने विभिन्न मापदंडों पर मूल्यांकन किया जाता है। इनमें अपराध नियंत्रण, शिकायतों के निराकरण की गति, जन संतुष्टि, नवाचार, लंबित मामलों का निपटारा और क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता जैसे प्रमुख बिंदु शामिल हैं।
फरवरी माह की समीक्षा संबंधित ज़ोन के डीसीपी की अध्यक्षता में गठित समितियों द्वारा की गई। जारी रिपोर्ट के अनुसार, ज़ोन-03 का थाना बाणगंगा सबसे आगे रहा, जहां बेहतर पुलिसिंग, सक्रिय कार्रवाई और जनता से संवाद के मामलों में सर्वाधिक अंक मिले। वहीं ज़ोन-04 का थाना पंढरीनाथ निर्धारित मापदंडों पर अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन के कारण सबसे नीचे रहा।
हालांकि पुलिस विभाग का कहना है कि फरवरी के दूसरे सप्ताह में पंढरीनाथ थाने में नए थाना प्रभारी ने पदभार संभाला है, जिससे आने वाले महीनों में प्रदर्शन में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
फिलहाल बाणगंगा थाने की इस उपलब्धि की पुलिस महकमे में चर्चा है, वहीं अन्य थानों के लिए यह रिपोर्ट सुधार का संकेत मानी जा रही है। अब सभी की नजर अगली रैंकिंग पर टिकी है।
