इन्दौर। लसूडिया थाना क्षेत्र के स्कीम नंबर 114 में पार्किंग जैसी मामूली बात पर एक युवक ने जमकर हंगामा किया। आरोपी ने न केवल युवती और उसकी मां के साथ बदसलूकी की, बल्कि बीच-बचाव करने आए युवती के मित्र के साथ भी मारपीट की। पुलिस के मुताबिक फरियादी मनस्वी पिता राजेंद्र जैन निवासी स्कीम 114 ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपने घर के पास अपनी गाड़ी पार्क करने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला आरोपी चिरायु अपनी थार गाड़ी लेकर वहां पहुँचा और मनस्वी की गाड़ी के ठीक पीछे लगा दी। इसकी वजह से मनस्वी अपनी गाड़ी पार्किंग में पीछे नहीं कर पा रही थी।जब मनस्वी की मम्मी ने चिरायु से शालीनता से कहा कि ‘मेरी बेटी गाड़ी लगा रही है, आप अपनी गाड़ी थोड़ी हटा लोÓ, तो चिरायु भड़क गया और चिल्लाकर अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। विवाद बढ़ता देख मनस्वी जब गाड़ी से उतरकर चिरायु और उसके साथी से बात करने पहुँची, तो आरोपियों ने मनस्वी, उनकी मां और वहां मौजूद उनके मित्र रोहित को गालियां देना शुरू कर दिया।जब मनस्वी और उसके मित्र ने गालियां देने से मना किया, तो आरोपी चिरायु और उसके साथी ने आपा खो दिया। आरोपियों ने मनस्वी और उसके मित्र रोहित के साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हुए, तब कहीं जाकर आरोपी वहां से हटे। लसूडिया पुलिस ने मनस्वी जैन की शिकायत पर आरोपी चिरायु और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
