इंदौर विजय नगर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने १८ वर्षीय पीड़िता की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी ने शादी की बात करने के बहाने युवती को गार्डन में बुलाया था। पीड़िता ने पुलिस को दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी की बात कार्तिक चौधरी नामक युवक से चल रही थी। इसी सिलसिले में कार्तिक ने उसे बातचीत करने के लिए मेघदूत गार्डन बुलाया था। युवती अपनी बुआ के साथ वहां पहुंची थी। गार्डन में पहुंचने पर कार्तिक ने ‘अकेले में बात करनी है’ कहकर युवती को थोड़ा दूर ले गया। पीड़िता का आरोप है कि वहां कार्तिक ने उस पर अश्लील कमेंट किया और कंधे पर हाथ रखकर बुरी नीयत से हरकतें करने लगा। इतना ही नहीं, आरोपी युवती की मर्जी के बिना उसके फोटो भी खींचने लगा। जब युवती को असहज और बुरा महसूस हुआ, तो उसने आरोपी का हाथ झटक दिया और तुरंत अपनी बुआ के पास लौट आई। घटना के बाद डरी-सहमी युवती ने घर पहुंचकर अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों के साथ थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
