इंदौर लसूडिया थाना इलाके के महालक्ष्मी नगर में जमीन पर अवैध कब्जे और ब्लैकमेलिंग का एक मामला सामने आया है। लसूडिया ेपुलिस ने एक ७२ वर्षीय बुजुर्ग की शिकायत पर दो जालसाजों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिन्होंने बुजुर्ग के कीमती भूखंड पर कब्जा कर वहां अवैध निर्माण कर लिया और अब उसे छोड़ने के बदले मोटी रकम की मांग कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, फरियादी गोकुल प्रसाद (७२) का महालक्ष्मी नगर स्कीम नंबर १३४ क्षेत्र में भूखण्ड क्र. एमआर-३/२८९ स्थित है। यह प्लॉट २० बाय ५० साइज यानी कुल १००० वर्गफीट का है। बुजुर्ग का आरोप है कि आरोपी ललित कुमार बेलिया और राजकुमार मनावत ने उनके इस निजी प्लॉट पर अनैतिक लाभ कमाने के उद्देश्य से कब्जा कर लिया। आरोपियों ने वहां एक अवैध झोपड़ी का निर्माण भी कर लिया है। जब बुजुर्ग ने अपना प्लॉट खाली करने को कहा, तो आरोपियों ने उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। बदमाशों ने बुजुर्ग से दो टूक कहा कि यदि वह अपना कब्जा वापस चाहते हैं, तो उन्हें ६ लाख रुपये देने होंगे। लसूडिया पुलिस ने फरियादी गोकुल प्रसाद की रिपोर्ट पर आरोपी ललित और राजकुमार के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
