इन्दौर। किशनगंज थाना क्षेत्र में बीती रात एक बेकाबू कार चालक ने जमकर आतंक मचाया। रफ्तार के जुनून में कार चालक ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी और फिर सामने से आ रही पुलिस की गश्ती मोबाइल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस का वाहन अनियंत्रित होकर सडक़ पर पलट गया। हादसे में ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना टीही पुलिया के आगे एबी रोड की है। फरियादी कुंदन चौहान (50), निवासी ग्राम हरसोला ने बताया कि एक अज्ञात कार चालक अपनी गाड़ी को बेहद तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। आरोपी ने नियम विरुद्ध जाकर गलत साइड से ओवरटेक करने की कोशिश की जिससे वह अपना नियंत्रण खो बैठा। क़ार चालक ने सबसे पहले आगे चल रही एक बाइक एमपी 09 डीएम 0774 को टक्कर मारी, जिस पर दो लोग सवार थे। इसके बाद भी कार नहीं रुकी और उसने सीधे किशनगंज पुलिस की गश्ती मोबाइल एमपी 03 ए 7082 को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद पुलिस वाहन बीच सडक़ पर ही पलट गया। हादसे में पुलिस वाहन के कांच, गेट, बोनट, हेडलाइट और इंडिकेटर के साथ-साथ इंजन को भी भारी क्षति पहुंची है। हादसे के वक्त पुलिस मोबाइल में गश्त पर तैनात उपनिरीक्षक मुनेश यादव को कंधे, हाथ, पीठ और गर्दन में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं फरियादी कुंदन चौहान को भी गर्दन, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
