इन्दौर
जिला प्रशासन द्वारा इंदौर जिले के महू-घाटाबिल्लौद मार्ग पर महूगांव स्थित पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए यातायात को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री शिवम वर्मा द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं। मध्यधप्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा उक्त पुल का निरीक्षण किए जाने पर इसकी स्थिति अत्यधिक खराब पाई गई, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
यह मार्ग पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र एवं इन्दौर जिले को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, जिस पर भारी एवं यात्री वाहनों का आवागमन होता है। सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुल पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद किया गया है। पुल का नवनिर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर वर्षा ऋतु से पूर्व पूर्ण किया जाना प्रस्तावित है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
यातायात व्यवस्था के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्ग
1. थाना सिमरोल की ओर से महू पीथमपुर आने वाली भारी वाहनों को सिमरोल से तेजाजी नगर की ओर डायवर्ट किया जायेगा, जो तेजाजी नगर इन्दौर से फोरलेन होते हुए पीथमपुर पहुंच सकेंगे।
2. पीथमपुर चौपाटी से महू-सिमरोल तरफ आने वाले भारी वाहनों को ए०बी० रोड़ इन्दौर की ओर डायवर्ट किया जायेगा, जो तेजाजी नगर इन्दौर से सिमरोल होते हुए खण्डवा की तरफ जा सकेंगे।
3. पास में ही छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया है, छोटे वाहन उससे गुजरेंगे।
