
आपदा मित्रों को मिली विशेष आपदा किट, संकट में अब मिनटों में पहुंचेंगे मदद के लिए
इंदौर
आपदा की स्थिति में आमजन तक राहत एवं बचाव कार्य तेजी से पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मार्गदर्शन में आयोजित आपदा मित्र योजना के द्वितीय प्रशिक्षण सत्र का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण में 150 आपदा मित्रों को आपदा प्रबंधन एवं विभिन्न प्रकार के रेस्क्यू ऑपरेशन का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड श्रीमती डॉ. मधुराजेश तिवारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट एस.डी.ई.आर.एफ. श्री सुमत जैन, कंपनी कमांडर अविनाश दिनकर, कंपनी कमांडर कविता चौहान, कंपनी कमांडर अश्विन चौधरी एवं मास्टर ट्रेनर रंगपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान आपदा मित्रों को खोज एवं बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार, सीपीआर, वाटर रेस्क्यू, बिल्डिंग कोलैप्स रेस्क्यू, रोप रेस्क्यू सहित आपदा की विभिन्न परिस्थितियों में सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से कार्य करने का प्रशिक्षण दिया गया।
हर आपदा मित्र के पास रहेगी अपनी रेस्क्यू किट
प्रशिक्षण की खास उपलब्धि यह रही कि सभी 150 प्रशिक्षित आपदा मित्रों को विशेष आपदा किट प्रदान की गई। इस किट में फर्स्ट एड बॉक्स, सेफ्टी जैकेट, लाइफ जैकेट, टी-शर्ट, रोप, टॉर्च, सेफ्टी शूज़, सेफ्टी ग्लव्स, हेलमेट, आई प्रोटेक्टर ग्लास, नाइफ, मच्छरदानी सहित विभिन्न आपदा एवं बचाव कार्यों में उपयोग आने वाली आवश्यक सामग्री उपलब्ध है।
यह किट विशेष रूप से इस उद्देश्य से तैयार की गई है कि आपदा मित्रों को घटनास्थल पर पहुंचने के बाद आवश्यक उपकरणों के लिए अलग से इंतजार न करना पड़े। आपदा की सूचना मिलते ही वे अपनी किट के साथ तत्काल रवाना होकर न्यूनतम रिस्पॉन्स टाइम में घटनास्थल पर पहुंच सकेंगे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर सकेंगे।
वाटर रेस्क्यू में लाइफ जैकेट एवं रोप, बिल्डिंग कोलैप्स जैसी घटनाओं में हेलमेट, सेफ्टी शूज़, ग्लव्स एवं आई प्रोटेक्टर तथा अन्य परिस्थितियों में फर्स्ट एड बॉक्स, टॉर्च सहित उपलब्ध सामग्री आपदा मित्रों के लिए उपयोगी साबित होगी। किट में मच्छरदानी जैसी आवश्यक सामग्री भी शामिल की गई है, ताकि लंबे समय तक चलने वाले राहत एवं बचाव अभियानों के दौरान भी आपदा मित्रों को आवश्यक सुविधा उपलब्ध रहे।
