इंदौर।
देपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अटाहेड़ा में एक शादी समारोह के दौरान बवाल हो गया।पुरानी रंजिश के चलते तीन लोगों ने मिलकर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। फरियादी कृष्णा पिता मुरारीलाल (35), निवासी अटाहेड़ा, पेशे से साउंड सिस्टम लगाने का काम करता है। घटना वाले दिन वह अपने एक पारिवारिक संबंधी के यहाँ आयोजित शादी समारोह में साउंड लगाने गया था। कार्यक्रम के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। कृष्णा नेक इरादे से विवाद को शांत कराने और बीच-बचाव करने के लिए वहां पहुंचा था।आरोप है कि तभी सगडोद गांव निवासी श्रीराम पिता बाबूलाल और उसके दो बेटों रवि और विशाल ने पुरानी रंजिश के चलते कृष्णा को निशाना बना लिया। विवाद की आड़ में तीनों ने मिलकर कृष्णा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में कृष्णा के शरीर पर गंभीर घाव आए हैं और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
वारदात के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल घायल कृष्णा को देपालपुर के महावीर हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, अत्यधिक खून बह जाने और गहरी चोटों के कारण कृष्णा की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उसे सघन उपचार दिया जा रहा है।इस पूरी घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने देपालपुर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय आरोपियों का पक्ष ले रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस मामले को कमजोर कर रफा-दफा करने का प्रयास कर रही है।
