इंदौर
प्रतिनिधि द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में संचालित हो रहे एक ई-रिक्शा सर्विस सेंटर में आज सुबह आगजनी की घटना हो गई। गनीमत रही कि आग को समय रहते देख लिया गया, जिससे कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण ई- रिक्शा की बैटरी में हुआ कोई इंटरनल फॉल्ट बताया जा रहा है। द्वारकापुरी क्षेत्र स्थित सर्विस सेंटर में रोजाना की तरह काम चल रहा था, तभी वहां रखी ई- रिक्शा की एक बैटरी में अचानक शॉर्ट सर्किट या तकनीकी फॉल्ट के कारण आग लग गई। देखते ही देखते बैटरी से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। सर्विस सेंटर में मौजूद कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन बैटरी के केमिकल के कारण आग तेजी से फैलने लगी। घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई। मौके पर दमकल की एक गाड़ी तुरंत पहुँची और पानी की बौछार कर आग पर नियंत्रण पाया। दमकल कर्मियों की सक्रियता से आग को अन्य ई-रिक्शा और आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया। इस आगजनी में ई-रिक्शा की एक बैटरी पूरी तरह जलकर खाक हो गई है।
