
बॉम्बे हॉस्पिटल के पीछे माधव सृष्टि एवं छावनी स्थित चमेलीदेवी रेडक्रॉस सेंटर पर होगा शुभारम्भ
इंदौर बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन, छवि सोशल वेलफेयर सोसायटी एवं गुरूजी सेवा न्यास द्वारा बॉम्बे हॉस्पिटल के पीछे संचालित चमेलीदेवी अग्रवाल मेडिकल सेंटर (माधव सृष्टि) तथा छावनी स्थित चमेलीदेवी अग्रवाल रेडक्रॉस सेंटर पर 20-21 मई को श्रीमती नीना देवी अग्रवाल की पुण्य स्मृति में आम महिलाओं के लिए हो रहे दो दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य शिविर की तैयारियां अंतिम दौर में पहुँच गई हैं। सोमवार को छावनी स्थित चमेलीदेवी अग्रवाल रेडक्रॉस सेंटर पर आयोजित बैठक में इन सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया। इन दोनों स्थानों पर लगने वाले शिविरों में जाने-माने चिकित्सा विशेषज्ञ महिलाओं को निशुल्क चिकित्सा परामर्श के साथ ही जरूरत पड़ने पर आवश्यक जांचों की भी सुविधाएँ उपलब्ध रहेंगी। माधव सृष्टि पर लगने वाले शिविर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ सेवा विभाग एवं सेवा भारती के मार्गदर्शन में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
छावनी स्थित चमेलीदेवी अग्रवाल रेडक्रॉस सेंटर पर लगने वाले शिविर की तैयारियों पर चर्चा के लिए आयोजित बैठक में छवि सोशल वेलफेयर सोसायटी की ओर से गोपाल गोयल, संदीप गोयल, बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन के प्रवीण मिश्रा, राजू यादव, चमेलीदेवी रेडक्रॉस की ओर से डॉ. आरके गौड़, वैभव वाट तथा शिविर में सहयोग करने वाले विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से हितेश गोयल, अंकित मित्तल, सुनील मिंडा सहित सेंटर के मेडिकल स्टाफ, चिकित्साकर्मियों की बैठक में शिविर की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। बैठक में शिविर की प्रचार सामग्री का लोकार्पण भी किया गया। शिविर दोनों स्थानों पर 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा।
इसी तरह बॉम्बे हॉस्पिटल के पीछे स्थित चमेलीदेवी अग्रवाल मेडिकल सेंटर (माधव सृष्टि) पर भी 20-21 मई को सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक जनरल फिजिशियन, चर्म रोग, स्त्री रोग, हड्डी रोग, ईएनटी, नेत्र रोग, विशेषज्ञों की सेवा के साथ ही आने वाली सभी महिला मरीजों की खून संबंधी जांचें, दंत रोग, पीएफटी श्वास, न्यूरोपैथी नसों की जाँच, मोतियाबिंद एवं ऑपरेशन के अलावा जरुरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाई वितरण की व्यवस्था भी की जा रही है। शिविर में 40 वर्ष से अधिक आयु की महिलाएं चिकित्सा विशेषज्ञों के निर्देशन में कैंसर स्क्रीनिंग जाँच भी निशुल्क करा सकेंगी। जिन महिलाओं की फैमिली हिस्ट्री में कैंसर पाया गया है, उन्हें और जिनमें कैंसर के लक्षण महसूस हो रहे हैं, उनकी जाँच भी इस शिविर में होगी।
