
इंदौर एयरपोर्ट रोड, पीलियाखाल स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में 108 विद्वानों द्वारा महामंडलेश्वर श्रीमहंत स्वामी रामचरणदास महाराज एवं महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के सानिध्य में चल रहे 108 श्रीमद भागवत पारायण के दिव्य अनुष्ठान में प्रतिदिन भागवत पूजन एवं ब्राह्मणों का सम्मान करने वाले भक्तों के समूह उमड़ रहे हैं। मठ पर विद्वानों द्वारा ओम नमः भगवतै वासुदेवाय तथा अन्य महामन्त्रों के जाप्यानुष्ठान का सिलसिला भी पहले दिन से ही जारी है। मठ स्थित भगवान पुरुषोत्तम, रणछोड़जी, पंचमुखी हनुमान, टीकमजी एवं हंसेश्वर महादेव सहित अन्य देवालयों पर भी नित्य नूतन श्रृंगार दर्शन के लिए भक्तों का आगमन जारी है। मठ परिसर स्थित गौशाला में भी प्रतिदिन सुबह गौसेवा करने वाले भक्तों का ताँता लगा हुआ है। मठ पर आचार्य पं. राजेश शास्त्री के निर्देशन में चल रहे विभिन्न अनुष्ठानों में विश्व ब्राह्मण समाज महासंघ के अध्यक्ष पं. योगेन्द्र महंत, महंत यजत्रदास, महंत अमितदास सहित बड़ी संख्या में विशिष्टजनों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
मठ के महंत अमितदास ने बताया कि मठ की परम्परा के अनुसार अधिकमास के उपलक्ष्य में पूरे माह प्रतिदिन सुबह 9 से 12 एवं शाम 4 से 7 बजे तक 108 विद्वानों द्वारा यह दिव्य अनुष्ठान किया जा रहा है जो 15 जून तक चलेगा। पुरुषोत्तम मास के दौरान मठ पर प्रतिदिन आरती एवं ब्राह्मण तथा संतों के लिए प्रसादी की व्यवस्था भी जारी है। पुरुषोत्तम मास के दौरान मठ पर भगवान के नौका विहार, फूलों की होली, संगीतमय सुंदरकाण्ड पाठ और अधिकमास की आगामी एकादशी पर विभिन्न विशेष उत्सव भी आयोजित होंगे। सभी अनुष्ठान मठ स्थित देवी-देवताओं एवं आश्रम स्थित गौशाला में पल रही गौमाता की साक्षी में होंगे।
