
इंदौर, विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य एवं आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में चल रहे लक्ष्मीनारायण महायज्ञ में अब तक 5100 आहुतियाँ सम्पन्न हो चुकी हैं। पुरुषोत्तम मास में प्रतिदिन शाम को भगवान को दीप दान समर्पण का अनुष्ठान भी चल रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।
श्रीविद्याधाम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा एवं राजेन्द्र महाजन ने बताया कि लक्ष्मीनारायण महायज्ञ में 11 यजमान एवं 11 विद्वान प्रतिदिन आहुतियाँ समर्पित कर रहे हैं। इस दौरान समूचा विद्याधाम परिसर एवं यज्ञशाला भगवान लक्ष्मीनारायण तथा यज्ञ देवता के जयघोष से गुंजायमान बने हुए हैं। महायज्ञ में प्रतिदिन 1100 आहुतियाँ समर्पित कर विश्व शांति, जन कल्याण एवं यज्ञ में भागीदार परिजनों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की जा रही हैं। यह आयोजन 15 जून तक चलेगा। इसके साथ ही 26 मई से 11 जून तक भागवत महापुराण के मूलपारायण का आयोजन भी होगा। आश्रम पर 25 मई को गंगा दशहरा महोत्सव भी मनाया जाएगा।
26 से भागवत का मूल पारायण – विद्याधाम पर 26 मई से 11 जून तक भागवत का मूल पारायण भी प्रतिदिन सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगा। इसी तरह गंगा दशहरा महोत्सव में भी गत 17 मई से प्रतिदिन सुबह 9.30 से 12 बजे तक और दोपहर में 3 से 5.30 बजे तक गंगाजी के दिव्य मंत्र से संपुटित श्री दुर्गा सप्तशती पाठ का आयोजन चल रहा है। गंगा दशहरा पर 25 मई को विभिन्न अनुष्ठान होंगे। बड़ी संख्या में यजमान इन सभी अनुष्ठानों में भागीदार बनेंगे।
अधिकमास में 3 ज्ञान यज्ञ होंगे – आश्रम परिवार के पं. दिनेश शर्मा ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में 25 से 31 मई तक आचार्य पं. राहुल कृष्ण शास्त्री के मुखारविंद से श्रीराम कथा का आयोजन सोढानी परिवार की मेजबानी में होगा। आश्रम पर 1 से 7 जून तक आचार्य पं. राहुल कृष्ण शास्त्री के ही श्रीमुख से आद्य गौड़ ब्राह्मण सेवा न्यास के मातृशक्ति प्रकोष्ठ की मेजबानी में श्रीराम कथा का आयोजन भी होगा। इसी तरह 8 से 14 जून तक हरिद्वार के आचार्य पं. हरि कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से जय-जय अम्बे वरिष्ठजन भक्त मंडल श्रीविद्याधाम के तत्वावधान में श्रीमद भागवत ज्ञान यज्ञ का आयोजन होगा। इस तरह विद्याधाम पर शेष पुरुषोत्तम मास में 3 कथाओं के दिव्य आयोजन होंगे जबकि एक भागवत ज्ञान यज्ञ वर्तमान में 17 मई से जारी है।
